Sahibganj: ओडिशा से गांजा लेकर पाकुड़ सप्लाई करने जा रहे दो तस्कर बरहरवा में धराए, 20 किलो गांजा बरामद

Sahibganj: Two smugglers transporting ganja from Odisha for supply to Pakur apprehended in Barharwa; 20 kg of ganja recovered.

Sahibganj: साहिबगंज जिले के बरहरवा थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नितिन खंडेलवाल के नेतृत्व में गठित छापामारी दल ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए लगभग 20 किलो गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर पाकुड़ क्षेत्र में सप्लाई करने जा रहे थे। पुलिस ने इस मामले में बरहरवा थाना कांड संख्या 115/2026 दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

बुधवार को बरहरवा थाना परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नितिन खंडेलवाल ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि कुछ लोग अवैध मादक पदार्थ की खेप लेकर बस से गुजरने वाले हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। इसके बाद पतना-केन्दुआ मुख्य मार्ग पर विजयपुर गांव के समीप वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।

इसी दौरान सुबह करीब 8:20 से 8:25 बजे के बीच बस संख्या BR-02PB-6518 को रोककर जांच की गई। बस में सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान एक ने अपना नाम असीम मोहंती, पिता अनंगा कुमार मोहंती, निवासी तड़ोडीहपाल थाना पाटामुड़ी जिला केटरापाड़ा, ओड़िशा तथा दूसरे ने अपना नाम प्रफुल चन्द्र देवड़ी, पिता स्वर्गीय जगोबंधु देवड़ी, निवासी नुआ गांव थाना जाशपुर जिला जाशपुर, ओड़िशा बताया।

नाम-पता सत्यापन के बाद दोनों को बैग सहित बस से नीचे उतारकर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बैग से हल्के भूरे रंग के कुल 10 बंडल बरामद किए गए। प्रत्येक बंडल का वजन लगभग दो किलोग्राम था। कुल बरामद गांजा का वजन 20.180 किलोग्राम पाया गया। पुलिस द्वारा वैध दस्तावेज मांगने पर दोनों आरोपी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।

पुलिसिया पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पाकुड़ जिले के हिरणपुर थाना क्षेत्र स्थित सीएसपी सेंटर के समीप दुर्गा मंडप निवासी मदन भगत के साथ पिछले दो वर्षों से अवैध गांजा कारोबार में संलिप्त हैं तथा ओड़िशा से गांजा लाकर झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों में सप्लाई करते थे।

प्रेसवार्ता में यह भी बताया गया कि गिरफ्तार आरोपी असीम मोहंती का आपराधिक इतिहास भी काफी लंबा रहा है। उसके खिलाफ ओड़िशा के विभिन्न थानों में हत्या, डकैती और आर्म्स एक्ट के तहत आठ मामले दर्ज हैं। वहीं झारखंड में भी उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के दो मामले दर्ज हैं, जिनमें एक मामला साहिबगंज जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र से संबंधित है।

इस पूरी कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नितिन खंडेलवाल, पुलिस निरीक्षक संतोष कुमार राणा, थाना प्रभारी सुमित कुमार सिंह, सहायक अवर निरीक्षक अविनाश कुमार सिंह, सहायक अवर निरीक्षक धवेन्द्र कुमार पासवान तथा बरहरवा थाना के सशस्त्र बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।

Sahibganj: Two smugglers transporting ganja from Odisha for supply to Pakur apprehended in Barharwa; 20 kg of ganja recovered.

ये भी पढ़ें: Sahibganj: शेरशाहबादी समुदाय का धरना दूसरे दिन भी जारी, प्रमाण पत्र बहाली तक आंदोलन का ऐलान

AZAD ALAM
Author: AZAD ALAM

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisements
Rajesh Jaiswal - Ad created on August 15, 2025

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!