Sahibganj: बरहरवा रेलवे स्टेशन परिसर में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) एवं मालदा अपराध शाखा की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए ट्रेनों में मोबाइल चोरी करने वाले एक किशोर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से विभिन्न कंपनियों के तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पूछताछ में किशोर ने कई ट्रेनों में मोबाइल चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में बुधवार को सुबह लगभग 10:15 बजे बरहरवा रेलवे स्टेशन क्षेत्र में संयुक्त गश्ती अभियान चलाया जा रहा था। गठित टीम में आरपीएफ के एएसआई सुरेश पासवान, कांस्टेबल अजय कुमार, सहजाद अंसारी, राकेश कुमार, महिला कांस्टेबल अर्पण कुमारी एवं काजल कुमारी के अलावा मालदा अपराध शाखा के उप निरीक्षक नंदन कुमार सिंह, सहायक उप निरीक्षक रविशंकर यादव, प्रधान आरक्षी नूपुर बरन तथा कांस्टेबल चंदन कुमार यादव शामिल थे। टीम स्टेशन परिसर एवं संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर पैनी नजर रख रही थी।
गश्ती के दौरान सुबह लगभग 10:28 बजे प्लेटफॉर्म संख्या एक के साहिबगंज छोर स्थित फुट ओवरब्रिज के समीप टीम की नजर एक युवक पर पड़ी, जो ट्रेन संख्या 53403 रामपुरहाट–गया पैसेंजर से उतरने के बाद यात्री शेड के आसपास संदिग्ध स्थिति में घूम रहा था। पुलिस टीम को अपनी ओर आते देख युवक अचानक भागने का प्रयास करने लगा। इसके बाद संयुक्त गश्ती दल ने तत्परता दिखाते हुए चारों ओर से घेराबंदी कर उसे प्लेटफॉर्म संख्या एक स्थित यात्री शेड के समीप पकड़ लिया।
पकड़े गए युवक से पूछताछ किए जाने पर वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और रेलवे परिसर में मौजूद रहने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर पाया। पूछताछ में उसने अपना नाम पप्पू कुमार साह, उम्र लगभग 17 वर्ष, पिता रंजीत कुमार साह, निवासी कुसमा थाना बरहेट जिला साहिबगंज बताया।
इसके बाद नियमानुसार उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके दाहिने जेब से एक नीले रंग का इनफिनिक्स कंपनी का मोबाइल फोन तथा एक बैंगनी रंग का ओप्पो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुआ, जबकि बाएं जेब से एक सफेद रंग का रेडमी कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किया गया। तीनों मोबाइल फोन में सिम कार्ड नहीं था।
बरामद मोबाइल फोन के संबंध में पूछताछ करने पर किशोर ने स्वीकार किया कि उसने ये मोबाइल अलग-अलग ट्रेनों से चोरी किए हैं। उसने यह भी बताया कि वह पाकुड़, रामपुरहाट और हावड़ा क्षेत्रों में ट्रेनों एवं रेलवे स्टेशनों पर इस प्रकार की चोरी की घटनाओं को अंजाम देता रहा है।
किशोर की स्वीकारोक्ति के बाद बरामद सभी मोबाइल फोन को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के तहत आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए विधिवत जप्त किया गया। इसके बाद निरुद्ध किशोर एवं जप्त मोबाइल फोन को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना बरहरवा लाया गया। खबर लिखे जाने तक मामले में कार्रवाई की प्रक्रिया जारी थी।
ये भी पढ़ें: Sahibganj: ओडिशा से गांजा लेकर पाकुड़ सप्लाई करने जा रहे दो तस्कर बरहरवा में धराए, 20 किलो गांजा बरामद








