Sahibganj: साहिबगंज जिले के पतना प्रखंड अंतर्गत रांगा थाना क्षेत्र के कुसुमपोखर में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 16 वर्षीय खलासी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, रांगा के पीछे स्थित एक स्टोन क्रशर से डस्ट लोड कर हाइवा संख्या JH-16G 6586 नीचे उतर रहा था। इसी दौरान वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के समय हाइवा में सवार खलासी जान बचाने के लिए कूदने का प्रयास कर रहा था, लेकिन दुर्भाग्यवश वह उसी हाइवा के नीचे दब गया। गंभीर चोट लगने से उसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक की पहचान छोटा कदमा निवासी रियाज अंसारी के रूप में हुई है, जो बसरूद्दीन अंसारी का पुत्र बताया जा रहा है। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि उक्त हाइवा बरहागाड़ी निवासी रामलाल का है।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और क्रेन की मदद से पलटे हुए हाइवा को हटाया गया। वहीं रांगा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। समाचार लिखे जाने तक मामले में कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी थी।
हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पूरे इलाके में घटना को लेकर शोक का माहौल बना हुआ है।
ये भी पढ़ें: जेल से बाहर आते ही Alamgir Alam के समर्थन में उमड़ा जनसैलाब, Ranchi से Pakur तक जश्न का माहौल








