Sahibganj/Barharwa: रेलवे के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी पर शिकंजा कसते हुए बरहरवा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ एवं सीआईबी मालदा की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। ट्रेन संख्या 15658 डाउन ब्रह्मपुत्र मेल में छापेमारी कर करीब 2.100 किलोग्राम संदिग्ध अफीम बरामद की गई है। मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार कर अग्रिम कार्रवाई के लिए जीआरपीएस बरहरवा को सौंप दिया गया है।
जानकारी के अनुसार 20 मई 2026 को मादक एवं साइकोट्रोपिक पदार्थों की तस्करी से संबंधित गुप्त सूचना मिलने के बाद सक्षम प्राधिकारी की अनुमति पर आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में विशेष निगरानी अभियान चलाया गया। इस अभियान में आरपीएफ बरहरवा, सीआईबी मालदा एवं सीडीपीएस मालदा की संयुक्त टीम शामिल थी।
ब्रह्मपुत्र मेल के बरहरवा रेलवे स्टेशन पहुंचते ही प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर सघन जांच शुरू की गई। जांच के दौरान बी-5 कोच की बर्थ संख्या 39 पर यात्रा कर रहे दो युवकों की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। पूछताछ में दोनों ने अपना नाम रुबुल अली और सहलम अली बताया। लगातार पूछताछ के दौरान रुबुल अली ने स्वीकार किया कि उसने अपने पेट के चारों ओर भूरे रंग के एडहेसिव टेप से अफीम बांध रखी है, जबकि सहलम अली उसका सहयोगी है।

इसके बाद दोनों को ट्रेन से उतारकर स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 50 के तहत कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान रुबुल अली के कब्जे से दो पैकेटों में कुल 2.100 किलोग्राम संदिग्ध अफीम बरामद हुई। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में कीमत करीब 10 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। इसके अलावा दोनों आरोपियों के पास से मोबाइल फोन और अन्य सामान भी जब्त किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे रंगिया से दिल्ली जा रहे थे और दिल्ली रेलवे स्टेशन पर एक अज्ञात व्यक्ति को यह खेप पहुंचानी थी। इसके एवज में दोनों को 10-10 हजार रुपये मिलने वाले थे।
सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी से पहले उन्हें उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई तथा परिजनों को भी सूचना दी गई। बाद में जब्त सामान, दस्तावेज और जब्ती सूची सहित दोनों को अग्रिम कार्रवाई के लिए जीआरपीएस बरहरवा को सौंप दिया गया।
ये भी पढ़ें: Restructuring और Cluster System के खिलाफ ABVP का उग्र प्रदर्शन, Sahibganj में CM हेमंत सोरेन का पुतला दहन








