Sahibganj: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन ‘मेरा युवा भारत’ साहिबगंज की ओर से बुधवार को शहर में भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस रैली में बड़ी संख्या में युवाओं, छात्रों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
साइकिल रैली को गैस गोदाम परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए सुभाष चौक पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने ‘पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ’, ‘साइकिल चलाओ, पर्यावरण बचाओ’ और ‘हरियाली बचाओ’ जैसे नारों के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिक्षक रविकांत तांती ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे अधिक से अधिक साइकिल का उपयोग करें, जिससे प्रदूषण में कमी आए और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा मिले। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी पहलें भी पर्यावरण संरक्षण में बड़ा योगदान दे सकती हैं।
कार्यक्रम के दौरान स्लो साइकिल रेस का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में छोटी कुमारी ने प्रथम, गुड़िया कुमारी ने द्वितीय तथा लकी कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं अनिकेत और नमन कुमार को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
रैली का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता फैलाना, प्लास्टिक मुक्त साहिबगंज का संदेश देना तथा युवाओं को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराना था। कार्यक्रम का संचालन ‘मेरा युवा भारत’ के स्वयंसेवकों द्वारा किया गया।
रैली के समापन पर सुभाष चौक में सभी प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने की शपथ दिलाई गई। आयोजन के माध्यम से युवाओं ने यह संदेश दिया कि पर्यावरण की रक्षा केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि हर नागरिक की सतत जिम्मेदारी है।







