Sahibganj: विश्व वृद्धजन दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए), साहेबगंज की ओर से स्नेह स्पर्श वृद्धा आश्रम में विशेष विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वृद्धजनों के अधिकारों की रक्षा, उनके प्रति सम्मानजनक व्यवहार को बढ़ावा देना तथा समाज में उनके प्रति संवेदनशीलता विकसित करना था।
यह कार्यक्रम झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार तथा माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहेबगंज अखिल कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित वृद्धजनों एवं अन्य लोगों को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि वृद्धजन समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके सम्मान, सुरक्षा तथा गरिमापूर्ण जीवन की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव विश्वनाथ भगत ने वृद्धजनों को उनके संवैधानिक एवं विधिक अधिकारों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लीगल एड डिफेंस काउंसिल और पारा लीगल वॉलिंटियर्स (न्याय मित्र) द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के संरक्षण से संबंधित कानूनों, उनके अधिकारों तथा निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं के बारे में विस्तार से जागरूक किया गया।
विश्व वृद्धजन दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहेबगंज द्वारा स्नेह स्पर्श वृद्धा आश्रम में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।#WorldElderAbuseAwarenessDay #DLSASahibganj #RespectElders #LegalAwareness pic.twitter.com/sqT1LMCROk
— DC Sahibganj (@dc_sahibganj) June 15, 2026
वक्ताओं ने कहा कि वृद्धजनों के साथ किसी भी प्रकार का शारीरिक, मानसिक, आर्थिक अथवा भावनात्मक शोषण मानवाधिकारों का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में पीड़ित वरिष्ठ नागरिक जिला विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं। कार्यक्रम में परिवार और समाज में वृद्धजनों के प्रति सम्मान, सहयोग और संवेदनशीलता की भावना विकसित करने पर विशेष बल दिया गया।
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि प्रत्येक वर्ष 15 जून को मनाया जाने वाला विश्व वृद्धजन दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस समाज में वृद्धजनों के साथ होने वाले दुर्व्यवहार, उपेक्षा और शोषण के खिलाफ जागरूकता फैलाने का महत्वपूर्ण अवसर है। इसका उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को सुरक्षित, सम्मानजनक और गरिमामय जीवन उपलब्ध कराने के लिए समाज को प्रेरित करना है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने वृद्धजनों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए उनके अधिकारों की रक्षा और गरिमापूर्ण जीवन सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
ये भी पढ़ें: Sahibganj में नशे के खिलाफ जनआंदोलन की शुरुआत, उपायुक्त ने जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी







