Pakur: पाकुड़ प्रखंड के संग्रामपुर पंचायत में आयोजित जनता दरबार में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की राष्ट्रीय मंत्री मिस्फीका हसन ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेते हुए पेयजल संकट, प्रमाण पत्र निर्गत करने में हो रही परेशानियों, सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रहने तथा अन्य प्रशासनिक मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
जनता दरबार के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत के कई गांवों में लंबे समय से पेयजल संकट बना हुआ है, जिससे विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से जुड़ी भ्रांतियों और आशंकाओं को लेकर भी लोगों ने अपनी चिंताएं व्यक्त कीं। इस पर मिस्फीका हसन ने ग्रामीणों को तथ्यात्मक जानकारी देते हुए उनकी शंकाओं का समाधान करने का प्रयास किया।
कार्यक्रम में जाति, आय एवं निवास प्रमाण पत्र बनवाने में हो रही देरी और प्रक्रिया संबंधी जटिलताओं का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। ग्रामीणों ने बताया कि आवश्यक दस्तावेज होने के बावजूद उन्हें विभिन्न स्तरों पर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा नेत्री ने आश्वस्त किया कि इन समस्याओं को संबंधित अधिकारियों और प्रशासनिक पदाधिकारियों के समक्ष उठाकर त्वरित समाधान की दिशा में पहल की जाएगी।

मिस्फीका हसन ने कहा कि जनता दरबार लोकतंत्र को मजबूत बनाने का प्रभावी माध्यम है, जहां जनप्रतिनिधि सीधे आम लोगों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के लिए प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र की जनता की आवाज को प्रशासन तक पहुंचाना और यह सुनिश्चित करना है कि पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ बिना किसी बाधा के मिल सके।
उन्होंने ग्रामीणों के सहयोग और विश्वास के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसेवा और जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता निरंतर बनी रहेगी तथा क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। जनता दरबार में पंचायत के विभिन्न गांवों से आए ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं और सुझावों को खुलकर रखा तथा जनप्रतिनिधि से सकारात्मक पहल की उम्मीद जताई।
ये भी पढ़ें: RSS की आय और संपत्तियों का हो सार्वजनिक खुलासा, Congress प्रवक्ता विजय शंकर नायक ने उठाए पारदर्शिता के सवाल







