Sahibganj: शहर के मछुआ सोसायटी, कॉलेज रोड स्थित पोद्दार होम्योपैथी क्लीनिक द्वारा गुरुवार को गठिया, साइटिका, घुटना दर्द, कमर दर्द एवं अन्य जोड़ों से संबंधित बीमारियों के लिए एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श एवं दवा वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों ने उनका स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया और निःशुल्क होम्योपैथिक दवाओं का वितरण किया। पूरे शिविर के दौरान कुल 225 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
शिविर का उद्घाटन सदर अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान, जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आलोक श्रीवास्तव, मॉडल कॉलेज राजमहल के प्राचार्य डॉ. रंजीत कुमार सिंह, झारखंड राजभाषा साहित्य अकादमी के सचिव डॉ. सच्चिदानंद, शिक्षाविद् डॉ. सुरेंद्रनाथ तिवारी, पूर्व वार्ड पार्षद उपेंद्र राय, डॉ. सूर्यानंद प्रसाद एवं डॉ. उमा कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम के आरंभ में सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान ने कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर लोगों को विभिन्न बीमारियों के प्रति जागरूक करने और समय पर उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि गठिया, साइटिका और जोड़ों के दर्द जैसी समस्याएं बढ़ती उम्र के साथ-साथ असंतुलित खान-पान, शारीरिक निष्क्रियता और बदलती जीवनशैली के कारण तेजी से बढ़ रही हैं, इसलिए समय पर जांच और उपचार आवश्यक है।
जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आलोक श्रीवास्तव ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ जरूरतमंद लोगों को उपचार उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम हैं। वहीं झारखंड राजभाषा साहित्य अकादमी के सचिव डॉ. सच्चिदानंद ने कहा कि पोद्दार होम्योपैथी क्लीनिक समय-समय पर निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित कर समाजसेवा की उत्कृष्ट परंपरा का निर्वहन कर रहा है।
क्लीनिक के चिकित्सक डॉ. सूर्यानंद प्रसाद ने बताया कि होम्योपैथिक चिकित्सा पद्धति के माध्यम से गठिया, अर्थराइटिस, साइटिका एवं जोड़ों के दर्द जैसी समस्याओं में प्रभावी राहत प्रदान की जा सकती है। उन्होंने लोगों से नियमित दिनचर्या अपनाने, संतुलित आहार लेने और चिकित्सकीय सलाह का पालन करने की अपील की।
शिविर के दौरान गठिया, साइटिका, घुटना दर्द, कमर दर्द, गर्दन दर्द, पीठ दर्द एवं अन्य जोड़ों की समस्याओं से पीड़ित मरीजों की जांच कर उन्हें विशेषज्ञ परामर्श के साथ निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई गईं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।
शिविर के सफल आयोजन में हर्ष कुमार, रतन लाल मुंडा, सिकंदर लाल पोद्दार, संजय कुमार, वीरेंद्र कुमार, रोहित कुमार सहित REPL कंपनी के मधुकर विद्यार्थी एवं बिट्टू कुमार तथा विजुअल कंपनी के विकास कुमार मिश्रा और धीरज कुमार ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। आयोजकों ने सभी सहयोगियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की बात कही।
ये भी पढ़ें: अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस पर Sahibganj में टग ऑफ वार प्रतियोगिता, साहिबगंज कुश्ती टीम बनी चैंपियन







