Rajmahal विधानसभा में विकास को मिली रफ्तार, विधायक एमटी राजा ने 3.53 करोड़ की दो योजनाओं का किया शिलान्यास

Development gains momentum in Rajmahal Assembly constituency; MLA MT Raja lays the foundation stone for two projects worth ₹3.53 crore.

Sahibganj: राजमहल (Rajmahal) विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राजमहल विधायक मो. ताजउद्दीन उर्फ एमटी राजा ने उधवा प्रखंड में कुल 3.53 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली दो विकास योजनाओं का शिलान्यास किया। इन योजनाओं में खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग के तहत आधुनिक गोदाम का निर्माण तथा स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत नए स्वास्थ्य उपकेंद्र का निर्माण शामिल है।

विधायक ने उधवा प्रखंड की मोहनपुर पंचायत स्थित कुसमा गांव में लगभग 2.98 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले एक हजार मीट्रिक टन क्षमता के खाद्यान्न गोदाम, तौलपुल (वेट ब्रिज) एवं कंप्यूटर कक्ष निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। इसके बाद उन्होंने उत्तर पलाशगाछी में बनने वाले स्वास्थ्य उपकेंद्र की आधारशिला भी रखी। दोनों परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र में खाद्यान्न भंडारण व्यवस्था सुदृढ़ होने के साथ-साथ ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर विधायक मो. ताजउद्दीन उर्फ एमटी राजा ने कहा कि राजमहल विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य सरकार के माध्यम से विभिन्न विभागों की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कराया जा रहा है, ताकि क्षेत्र के लोगों को बुनियादी सुविधाओं का लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता ग्रामीण क्षेत्रों तक विकास की रोशनी पहुंचाना है और इसी उद्देश्य से लगातार नई योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं संवेदक के प्रतिनिधियों ने विधायक का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। मौके पर विधायक प्रतिनिधि मो. मारूफ उर्फ गुड्डू, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अयूब अली उर्फ बाबू दा, प्रखंड सचिव विश्वजीत मंडल, काजू मल्लिक, रानी हांसदा, सकल हेंब्रम, मुर्शीद राजा, आकिब अनीस सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें: Sahibganj: सुदूरवर्ती गोलढाब दियारा से शुरू हुआ पल्स पोलियो अभियान, विधायक एमटी राजा व डीसी ने किया शुभारंभ

AZAD ALAM
Author: AZAD ALAM

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!