Sahibganj: गोलढाब चुआर दियारा में सोलर लाइट, स्वास्थ्य और पेयजल व्यवस्था होगी मजबूत, विधायक एमटी राजा और डीसी ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

Sahibganj: Solar lighting, healthcare, and drinking water facilities to be strengthened in Goldhab Chuar Diyara; MLA MT Raja and the DC listened to the villagers' grievances.

Sahibganj: जिले के सुदूरवर्ती दियारा क्षेत्र के विकास को गति देने की दिशा में राजमहल विधायक मो. ताजउद्दीन उर्फ एमटी राजा और उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने उधवा प्रखंड की दक्षिण पलाशगाछी पंचायत अंतर्गत गोलढाब चुआर दियारा का दौरा कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। नाव के माध्यम से पहुंचे जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों की मूलभूत समस्याओं को सुना तथा उनके समाधान का भरोसा दिलाया।

दौरे के दौरान ग्रामीणों एवं पंचायत की मुखिया नफिसा खातून ने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। ग्रामीणों ने बाढ़ राहत चबूतरे के निर्माण, संभावित बाढ़ से निपटने की पूर्व तैयारी, बाढ़ के दौरान मवेशियों के लिए सुरक्षित व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने, गांव में संस्थागत प्रसव की सुविधा उपलब्ध कराने, पेयजल व्यवस्था में सुधार, सोलर आधारित प्रकाश व्यवस्था तथा सड़क निर्माण की मांग रखी।

राजमहल विधायक मो. ताजउद्दीन उर्फ एमटी राजा ने कहा कि गोलढाब चुआर दियारा में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाना, सोलर आधारित रोशनी की व्यवस्था करना, पेयजल सुविधाओं को सुदृढ़ करना तथा बाढ़ राहत को लेकर प्रशासनिक तैयारियां सुनिश्चित करना प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि इन बुनियादी सुविधाओं के विकास से क्षेत्र के लोगों का जीवन स्तर बेहतर होगा और ग्रामीणों को आवश्यक सेवाएं अपने गांव में ही उपलब्ध हो सकेंगी।

विधायक ने उपायुक्त दीपक कुमार दुबे का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पहली बार जिले के उपायुक्त स्वयं नाव के माध्यम से इस दूरस्थ दियारा क्षेत्र में पहुंचे हैं। इससे स्पष्ट है कि प्रशासन ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर है। उन्होंने पंचायत एवं प्रखंड स्तर के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी समस्याओं को सूचीबद्ध कर प्राथमिकता के आधार पर समाधान की दिशा में कार्रवाई सुनिश्चित करें।

उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने कहा कि उन्होंने क्षेत्र की जनसमस्याओं का मौके पर जाकर भौतिक निरीक्षण किया है। जल्द ही संबंधित विभागों के माध्यम से विकास कार्यों की योजना तैयार कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना है और ग्रामीणों की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने की दिशा में प्रभावी पहल की जाएगी।

प्रशासनिक अधिकारियों के पहली बार इस सुदूरवर्ती दियारा क्षेत्र में पहुंचने से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि वर्षों से लंबित मूलभूत समस्याओं का अब स्थायी समाधान होगा और गोलढाब चुआर दियारा विकास की मुख्यधारा से जुड़ सकेगा।

ये भी पढ़ें: Rajmahal विधानसभा में विकास को मिली रफ्तार, विधायक एमटी राजा ने 3.53 करोड़ की दो योजनाओं का किया शिलान्यास

MOHSIN RAJA
Author: MOHSIN RAJA

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!