Sahibganj: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) साहिबगंज जिला इकाई की संगठनात्मक बैठक रविवार को शहर स्थित होटल विनायक में जिला अध्यक्ष गौतम कुमार यादव की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और बूथ स्तर तक पार्टी को सशक्त बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की शुरुआत भारत माता एवं पार्टी के प्रेरणास्रोत महापुरुषों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए पदाधिकारियों एवं मंडल अध्यक्षों के साथ संवाद का दौर चला।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा झारखंड प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय शामिल हुए। उनके साथ राजमहल के पूर्व विधायक अनंत ओझा, बोरियो विधानसभा के पूर्व भाजपा प्रत्याशी लेविन हेम्ब्रम, बरहेट विधानसभा के पूर्व भाजपा प्रत्याशी ग्मालियल हेंब्रम, जिला प्रभारी अमृत पांडे, प्रदेश मंत्री कृष्णा महतो, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गणेश तिवारी, धर्मेंद्र ठाकुर सहित जिले के पदाधिकारी, पूर्व जिला अध्यक्ष, पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं वर्तमान मंडल अध्यक्ष मौजूद रहे।

अपने संबोधन में प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय ने संगठन के सभी पदाधिकारियों एवं प्रत्येक मंडल अध्यक्ष से क्रमवार संवाद किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं की समस्याओं, सुझावों एवं संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों को गंभीरता से सुना और उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है और प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है।
उन्होंने कहा कि आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने, बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने तथा कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से संगठन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और पार्टी की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
बैठक में आगामी संगठनात्मक रणनीति, कार्य विस्तार और विभिन्न कार्यक्रमों के सफल संचालन को लेकर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का आह्वान किया। जिला नेतृत्व ने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं के सहयोग और संगठनात्मक एकजुटता के बल पर भाजपा जिले में अपनी गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाएगी।







