Tinpahar: मईया योजना की राशि नहीं मिलने से महिलाएं परेशान, प्रशासन से लगाई गुहार

Tinpahar: Women are upset due to not getting the money under Maiya scheme, appealed to the administration

Tinpahar/Sahibganj: सरकार की महत्वाकांक्षी मईया योजना के तहत लाभार्थियों को मिलने वाली राशि कई महिलाओं के खाते में अब तक नहीं पहुँची है, जिससे राजमहल प्रखंड क्षेत्र की सैकड़ों महिलाएं बेहद परेशान हैं। योजना की राशि नहीं मिलने से महिलाओं को बार-बार प्रखंड कार्यालय के चक्कर काटने पड़ रहे हैं, लेकिन समाधान नहीं मिल पा रहा।

पीड़ित महिलाओं ने बताया कि कई लाभुकों के खाते में योजना की राशि आ चुकी है, जबकि कुछ महिलाओं को योजना लागू होने के बाद से अब तक एक भी किस्त नहीं मिली है। इसके बावजूद जब वे प्रखंड कार्यालय जाती हैं तो अधिकारी यह कहकर लौटा देते हैं कि “सब कुछ ठीक है, पैसा आ जाएगा।” लेकिन महीनों गुजर जाने के बावजूद भी कोई प्रगति नहीं हो रही।

एक महिला लाभार्थी ने नाराज़गी जताते हुए कहा,

“जब आवेदन सफलतापूर्वक स्वीकार हो चुका है, तो फिर खाते में राशि क्यों नहीं आ रही? बार-बार प्रखंड जाने के बाद भी न तो स्पष्ट जानकारी मिलती है और न समाधान।”

महिलाओं का कहना है कि उन्हें यह भी नहीं बताया जा रहा कि वे अपनी योजना की स्थिति की जानकारी कहां और किससे लें। कई महिलाओं ने सवाल उठाया कि अगर आवेदन में कोई त्रुटि है तो उसे सुधारने का भी मौका दिया जाना चाहिए, लेकिन यहाँ तो सिर्फ आश्वासन मिल रहा है। इधर, महिलाओं ने जिला प्रशासन से मामले की जांच कर राशि जल्द उपलब्ध कराने की मांग की है।

इस विषय में जब राजमहल के अंचलाधिकारी मो. यूसुफ से बात की गई, तो उन्होंने बताया,

“फिलहाल मईया योजना का पोर्टल बंद है, जिस कारण लाभुकों का स्टेटस चेक नहीं किया जा पा रहा है। जब तक जिला स्तर से कोई दिशा-निर्देश नहीं आता, तब तक कोई कार्रवाई संभव नहीं है।”

महिलाओं ने उम्मीद जताई है कि जिला प्रशासन इस मुद्दे को गंभीरता से लेकर पोर्टल संबंधित समस्या का शीघ्र समाधान निकालेगा और उनकी लंबित राशि उनके खातों में जल्द भेजी जाएगी।

ये भी पढ़ें: ताबिश इकबाल बने Sahibganj जिला Congress के मीडिया चेयरमैन व प्रवक्ता, कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर

ABHISHEK KUMAR
Author: ABHISHEK KUMAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!