Ranchi: झारखंड की राजनीति में शुक्रवार को उस समय हलचल तेज हो गई जब पूर्व मंत्री Alamgir Alam ने मुख्यमंत्री Hemant Soren से मुख्यमंत्री आवास में मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ पत्नी एवं पाकुड़ विधायक Nisat Alam तथा झारखंड कांग्रेस प्रदेश महासचिव तनवीर आलम भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री आवास में हुई इस मुलाकात में मुख्यमंत्री की पत्नी और गांडेय विधायक Kalpana Soren भी उपस्थित रहीं।
पूर्व मंत्री आलमगीर आलम और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मुलाकात की तस्वीर सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। हालांकि आलमगीर आलम ने इस मुलाकात को औपचारिक बताया है, लेकिन राजनीतिक विश्लेषक इसके अलग-अलग मायने निकाल रहे हैं। माना जा रहा है कि इस मुलाकात के बाद झारखंड की राजनीति में नई सियासी हलचल देखने को मिल सकती है।

गौरतलब है कि आलमगीर आलम को हाल ही में सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिली है। जेल से बाहर आने के बाद उनके रांची स्थित आवास पर झारखंड सरकार के कई मंत्री, विधायक, सांसद और कांग्रेस-झामुमो के वरिष्ठ नेताओं ने पहुंचकर उनका हालचाल जाना था। इसके अगले ही दिन मुख्यमंत्री से उनकी मुलाकात ने राजनीतिक चर्चाओं को और हवा दे दी है।
आलमगीर आलम ने कहा कि वह पहले मेडिकल चेकअप करवाएंगे और उसके बाद अपने विधानसभा क्षेत्र पाकुड़ जाएंगे। वहां कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने के बाद आगे की रणनीति और निर्णय लिया जाएगा। वहीं उनके समर्थक और कार्यकर्ता लगातार यह मांग कर रहे हैं कि वह एक बार फिर झारखंड की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाएं।
ये भी पढ़ें: NEET पेपर लीक पर Sahibganj में झामुमो का प्रदर्शन, केंद्रीय शिक्षा मंत्री का फूंका पुतला








