Barharwa/Sahibganj: ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और बेहतर आवागमन व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में बुधवार को महत्वपूर्ण पहल करते हुए पाकुड़ विधायक Nisat Alam ने डीएमएफटी मद से स्वीकृत 2.52 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास किया। ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, साहिबगंज के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधायक ने फीता काटकर और नारियल फोड़कर कई योजनाओं का शुभारंभ किया।
शिलान्यास कार्यक्रम के तहत बरहरवा प्रखंड के विभिन्न पंचायतों और गांवों में पीसीसी सड़क, पुलिया, आरसीसी नाला तथा गार्डवाल निर्माण जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं की आधारशिला रखी गई। इन योजनाओं के पूरा होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और विशेष रूप से वर्षा ऋतु के दौरान लोगों को होने वाली कठिनाइयों से राहत मिलेगी।
इस अवसर पर विधायक निसात आलम ने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सड़क, पुलिया और सुरक्षा दीवार जैसी आधारभूत संरचनाओं के निर्माण से न केवल लोगों की दैनिक समस्याओं का समाधान होगा, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाएं भी खुलेंगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी योजनाओं को पूरा कराने का निर्देश दिया।
शिलान्यास की गई योजनाओं में मधुवापाड़ा पंचायत के महादेवपुर गांव में पीसीसी पथ सह पुलिया निर्माण, हस्तीपाड़ा पंचायत के जुहीबोना गांव में पीसीसी सड़क निर्माण, एनएच-80 से भुताही पोखर तक सड़क निर्माण तथा आहूतग्राम पंचायत के इस्लामपुर गांव में मुख्य सड़क से एकरामुल के घर तक पीसीसी सड़क निर्माण जैसी योजनाएं शामिल हैं।
इसके अलावा विभिन्न पंचायतों में आरसीसी नाला, ढक्कनयुक्त नाला, गार्डवाल, सड़क सुरक्षा दीवार और सड़क सह पुलिया निर्माण की कई योजनाओं का भी शिलान्यास किया गया। इन योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना और स्थानीय लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि बरकत खान, प्रखंड 20 सूत्री अध्यक्ष अशोक कुमार दास, मोफकर हुसैन, कार्यपालक अभियंता रमाकांत, कनीय अभियंता पंचानन कुमार रविदास, रमाशंकर, शैलेश, नेहाल अख्तर, थॉमस रॉबर्ट, शरिक रब्बानी, संवेदकगण, कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
स्थानीय लोगों ने इन योजनाओं के शिलान्यास का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इनके पूरा होने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही कई समस्याओं का समाधान होगा।







