Barharwa/Sahibganj: झारखंड मजदूर संघ (प्रजातांत्रिक) की ओर से गुरुवार को प्लस टू हाई स्कूल बरहरवा परिसर में संगठन की प्रखंड एवं नगर स्तरीय कमेटी के पुनर्गठन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला महामंत्री सह प्रखंड प्रभारी मोहम्मद इमाम विश्वास ने की। इस अवसर पर केंद्रीय महामंत्री राजकुमार यादव मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय महामंत्री राजकुमार यादव ने कहा कि किसी भी संगठन की मजबूती उसके कार्यकर्ताओं पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि संगठन के नियमों और अनुशासन का पालन ही उसकी सफलता का आधार होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
जिला महामंत्री सह प्रखंड प्रभारी मोहम्मद इमाम विश्वास ने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने के उद्देश्य से प्रखंड और नगर कमेटियों का पुनर्गठन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि संघ के नियमों के अनुसार प्रत्येक प्रखंड एवं नगर कमेटी में 15 सदस्यों का होना आवश्यक है, ताकि संगठनात्मक गतिविधियों का प्रभावी संचालन किया जा सके।
बैठक में सर्वसम्मति से नई प्रखंड एवं नगर कमेटी का गठन किया गया। इसके तहत जितेन रजक को बरहरवा प्रखंड अध्यक्ष, मोहम्मद हिफाजुल विश्वास को प्रखंड महामंत्री, कृष्ण यादव को कार्यकारी अध्यक्ष, गणेश रविदास को उपाध्यक्ष तथा सुदन सरदार को कोषाध्यक्ष चुना गया। वहीं नगर कमेटी में आलोक कुमार घोष को नगर अध्यक्ष, अकरम हुसैन को नगर महामंत्री, अजय रामानी को उपाध्यक्ष तथा मंटू गुप्ता को सदस्य के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, मजदूर हितों की रक्षा तथा विभिन्न श्रमिक मुद्दों पर प्रभावी ढंग से कार्य करने को लेकर भी चर्चा की गई। नवगठित पदाधिकारियों ने संगठन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने और मजदूरों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिला कार्यकारी अध्यक्ष मोहम्मद सईद अख्तर, रीता मुर्मू, फूल सोरेन, मिथुन दास, मिथुन घोष, सुभाष टुडू सहित अन्य कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का समापन संगठन की मजबूती और श्रमिक हितों की रक्षा के संकल्प के साथ हुआ।







