Barharwa: छात्र हितों को लेकर NSUI का विश्वविद्यालय पर दबाव, चार सूत्री मांगों के समर्थन में सौंपा ज्ञापन

Barharwa: NSUI pressures university over student interests; submits memorandum in support of four-point demands.

Barharwa: छात्र हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर सोमवार को एनएसयूआई ने बरहरवा स्थित 20 सूत्री महाविद्यालय में चार सूत्री मांगों के समर्थन में सिद्धू कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय के कुलपति के नाम ज्ञापन सौंपा। एनएसयूआई जिला अध्यक्ष थॉमस रॉबर्ट की उपस्थिति तथा कॉलेज अध्यक्ष सोयेब अख्तर के नेतृत्व में महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य के माध्यम से यह ज्ञापन कुलपति तक पहुंचाया गया।

ज्ञापन में यूजी सत्र 2026-30 के नामांकन की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने, यूजी सेमेस्टर-6 सत्र 2022-26 के परीक्षा प्रपत्र भरने की तिथि बिना विलंब शुल्क के बढ़ाने, परीक्षा से पूर्व पर्याप्त तैयारी का समय उपलब्ध कराने तथा यूजी सेमेस्टर-1 सत्र 2025-29 एवं यूजी सेमेस्टर-4 सत्र 2023-27 के लंबित परीक्षा परिणाम जल्द जारी करने की मांग की गई है।

एनएसयूआई नेताओं ने कहा कि केवल पांच दिनों के भीतर परीक्षा प्रपत्र भरने की समय-सीमा ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए व्यावहारिक नहीं है। साथ ही 24 जून से प्रस्तावित परीक्षा के लिए छात्रों को बहुत कम समय मिल रहा है, जिससे उन पर मानसिक दबाव बढ़ रहा है। संगठन ने पाठ्यक्रम में कटौती अथवा वैकल्पिक सुविधा देने की भी मांग की है ताकि छात्र बेहतर तरीके से परीक्षा की तैयारी कर सकें।

कॉलेज अध्यक्ष सोयेब अख्तर ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर छात्रों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि परीक्षा परिणाम निर्धारित समय सीमा के भीतर जारी नहीं किए जा रहे हैं, जिससे छात्रों का शैक्षणिक सत्र प्रभावित हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि राज्यपाल के निर्देशों के बावजूद कई बार परीक्षा परिणाम जारी होने में दो से तीन महीने तक का समय लग जाता है, जो छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।

उन्होंने कहा कि जब तक छात्र आंदोलन नहीं करते, तब तक विश्वविद्यालय प्रशासन सक्रिय नहीं होता। एनएसयूआई ने कुलपति से मांगों पर त्वरित संज्ञान लेकर समाधान सुनिश्चित करने की अपील की है। साथ ही संथाल परगना के जनप्रतिनिधियों से भी शिक्षा संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया गया।

मौके पर नगर अध्यक्ष सत्यम यादव, जसीम अख्तर, शिवम भगत, रेबल इस्लाम, मो. मुसलेद्दीन, आशु साह, अक्षय भगत, सूरज ठाकुर, रौशन कुमार सहित कई छात्र कार्यकर्ता उपस्थित थे।

ये भी पढ़ें: Sahibganj: बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था पर नगर थाना की नजर, थाना प्रभारी अमित गुप्ता ने किया निरीक्षण

AZAD ALAM
Author: AZAD ALAM

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[the_ad_group id="2049"]

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!