Sahibganj: मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से राधानगर थाना परिसर में मंगलवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की जाएगी। यह बैठक अपराह्न 4 बजे आयोजित होगी, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों की भागीदारी रहेगी।
राधानगर थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक का आयोजन अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) राजमहल तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) राजमहल की अध्यक्षता में किया जाएगा। मुहर्रम के दौरान निकलने वाले अखाड़ा जुलूस, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा मेले के सफल एवं व्यवस्थित संचालन को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा।
थाना प्रभारी ने बताया कि बैठक की सूचना क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों को दे दी गई है। प्रशासन की ओर से सभी संबंधित पक्षों से सहयोग की अपील की गई है, ताकि मुहर्रम पर्व आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ संपन्न हो सके।
प्रशासन का मानना है कि शांति समिति की बैठक के माध्यम से स्थानीय स्तर पर समन्वय स्थापित कर पर्व के दौरान उत्पन्न होने वाली संभावित समस्याओं का समाधान पहले ही सुनिश्चित किया जा सकता है। बैठक में सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देशों के साथ-साथ आयोजन को सुव्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न सुझावों पर भी चर्चा होने की संभावना है।
ये भी पढ़ें: Sahibganj: डीम्ड रिजेक्टेड आवेदन को मिली खदान! सवालों के घेरे में तत्कालीन DC और DMO की भूमिका







