Sahibganj में जमीन विवाद ने लिया खूनी रूप: बीच-बचाव करने पहुंचे बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या, मां-बेटा गंभीर

Land dispute turns bloody in Sahibganj: Elderly man beaten to death while trying to intervene; mother and son critically injured.

Sahibganj: जिले के राजमहल थाना क्षेत्र अंतर्गत जयराम डांगा गांव में वर्षों पुराने पैतृक जमीन विवाद ने बुधवार को खूनी रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जबकि उनकी पत्नी और पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल व्याप्त है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

मिली जानकारी के अनुसार मृतक रुदल यादव और उनके भाई हरिकिशोर यादव के बीच पैतृक जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। विवाद के समाधान के लिए कई बार पंचायत स्तर पर प्रयास किए गए, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका। बुधवार को विवादित जमीन पर बाउंड्री निर्माण कराए जाने के दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।

मृतक के पुत्र रामदेव यादव ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने बाउंड्री निर्माण का विरोध किया तो हरिकिशोर यादव और उनके पुत्र रामअवतार यादव, धर्मराज यादव, धर्मवीर यादव तथा परमेश्वर यादव ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि हमले के दौरान रामदेव यादव किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे, लेकिन विवाद शांत कराने पहुंचे उनके पिता रुदल यादव, मां रेखा देवी और भाई जीतू यादव हमलावरों के निशाने पर आ गए।

हमले में गंभीर रूप से घायल तीनों लोगों को स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों की मदद से तत्काल राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. उदय टुडू ने रुदल यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं रेखा देवी और जीतू यादव की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस इंस्पेक्टर राजीव रंजन, राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी एवं पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

राजमहल पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इधर, एक बुजुर्ग की मौत और दो लोगों के गंभीर रूप से घायल होने के बाद जयराम डांगा गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है, जिस पर पुलिस की नजर है।

ये भी पढ़ें: Barharwa रेलवे स्टेशन से दिल्ली मजदूरी करने जा रहे तीन नाबालिगों को आरपीएफ ने किया रेस्क्यू, मंथन को सौंपा

MOHSIN RAJA
Author: MOHSIN RAJA

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!