Sahibganj, 14 मई 2025 (बुधवार): उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में भवन प्रमंडल अंतर्गत संचालित योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर उपायुक्त ने नाराजगी जताई और सभी कार्यों को हर हाल में 15 अगस्त से पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि जिले में सात गोदामों की मरम्मत की जानी है, जिनमें से केवल दो गोदामों में कार्य प्रगति पर है, जबकि शेष पांच गोदामों के लिए अब तक इकरारनामा की प्रक्रिया ही चल रही है। इस पर उपायुक्त ने गहरी असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि कार्य में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि तय समय सीमा में कार्य पूरा नहीं करने वाले संवेदकों को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा।
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने झारखंड फूड कॉरपोरेशन (JFC) के लिए प्रस्तावित गोदामों हेतु भूमि चिन्हांकन की प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण की अद्यतन स्थिति पर भी चर्चा हुई, जहां उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध कार्य सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया।
बैठक में अपर समाहर्ता गौतम भगत, जिला आपूर्ति पदाधिकारी झुनू कुमार मिश्रा, भवन प्रमंडल के सहायक अभियंता, कनीय अभियंता सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
ये भी पढ़ें: Sahibganj: रांगा थाना क्षेत्र में महिला की हत्या का खुलासा, आरोपी दामाद गिरफ्तार









