शव से लिपटकर बिलखती रही पत्नी, Sahibganj में गोलीकांड ने उजाड़ दिया एक और परिवार

The wife kept crying while hugging the dead body, the firing in Sahibganj devastated another family

Sahibganj/Taljhari: गुरुवार की शाम साहिबगंज जिले के तालझारी थाना क्षेत्र में इंसानियत को झकझोर देने वाला एक और खौफनाक मंजर सामने आया। महाराजपुर डाक बंगला खंता के पास 30 वर्षीय युवक पांचू मंडल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पांचू मंडल के बड़े भाई फेकन मंडल ने बताया कि घायल अवस्था में पांचू ने खुद बताया था कि उसे गदाई दियारा के ‘जॉनी टाइगर’ नामक युवक ने गोली मारी है। हालांकि, जब तक उसे अस्पताल लाया गया, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

लेकिन इस वारदात की सबसे मार्मिक तस्वीर तब सामने आई जब अस्पताल परिसर में मृतक की पत्नी अपने पति के निर्जीव शरीर से लिपटकर दहाड़ें मारती रही। यह तस्वीर सिर्फ एक हत्या की नहीं, बल्कि एक परिवार के उजड़ने की कहानी कह रही है। अपने जीवनसाथी की लाश को गले लगाकर बिलखती उस स्त्री की पीड़ा शब्दों से परे है। यह केवल एक पत्नी की चीख नहीं थी, यह पूरे समाज के उस दर्द का प्रतीक है, जो अपराध की आग में रोज झुलसता है।

इस दिल दहला देने वाली घटना ने उस पत्नी के जीवन को वीरान कर दिया, जिसने शायद सपनों में भी ऐसा अंत नहीं सोचा होगा। दो नन्हें बच्चों के सिर से पिता का साया छिन गया, और मां के आंसुओं की धार थमने का नाम नहीं ले रही।

यह कोई पहली घटना नहीं है। बीते कुछ दिनों में साहिबगंज जिला लगातार ऐसी वारदातों से सहमा हुआ है। एक के बाद एक गोलीकांड से न केवल हत्याएं हो रही हैं, बल्कि इंसानियत, भरोसा और सामाजिक सुरक्षा की भावना भी रोज मारी जा रही है।

स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है, और प्रशासन से सवाल – कि आखिर कब तक साहिबगंज की सड़कों पर खून बहेगा? कब तक मांएं, बहनें और पत्नियां इस तरह अपनों की लाशों से लिपटकर रोती रहेंगी? पांचू मंडल अब नहीं हैं, लेकिन उनकी पत्नी की चीखें साहिबगंज के खामोश सिस्टम से जवाब मांग रही हैं।

ये भी पढ़ें: सड़क दुर्घटना में सेराजुद्दीन की मौत Kotalpokhar के अवैध पत्थर परिवहन व्यवस्था का परिणाम: शिव कुमार मुर्मू

WASIM AKRAM
Author: WASIM AKRAM

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisements
Rajesh Jaiswal - Ad created on August 15, 2025

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!