Sahibganj: जिले के तालझारी प्रखंड क्षेत्र में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। वर्षों से सड़क संपर्क और बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझ रहे पहाड़िया एवं आदिवासी बहुल गांवों को अब सड़क निर्माण योजनाओं की बड़ी सौगात मिल रही है। बोरियो विधानसभा क्षेत्र के विधायक धनंजय सोरेन के नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्रों तक विकास पहुंचाने की दिशा में लगातार पहल की जा रही है, जिससे स्थानीय लोगों में नई उम्मीद जगी है।
तालझारी प्रखंड मुख्य रूप से आदिम जनजातीय पहाड़िया एवं आदिवासी समुदायों का क्षेत्र है। लंबे समय से यहां के ग्रामीण सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं की मांग करते रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले विकास योजनाओं को लेकर उन्हें काफी संघर्ष करना पड़ता था, लेकिन अब स्थिति में सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहा है।
झामुमो के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष चरण हांसदा ने कहा कि पूर्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर जनप्रतिनिधियों के पास पहुंचते थे, लेकिन अपेक्षित समाधान नहीं मिल पाता था। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान विधायक धनंजय सोरेन उन गांवों तक सड़क और विकास योजनाएं पहुंचा रहे हैं, जहां वर्षों से सड़क सुविधा का अभाव था। उन्होंने कहा कि विधायक जो वादे करते हैं, उन्हें पूरा करने का प्रयास भी करते हैं, जिसका लाभ क्षेत्र की जनता को मिल रहा है।
इसी क्रम में विधायक धनंजय सोरेन ने तालझारी प्रखंड का व्यापक दौरा कर कई महत्वपूर्ण सड़क निर्माण योजनाओं का शिलान्यास किया। उन्होंने विभिन्न पंचायतों का भ्रमण कर ग्रामीणों से मुलाकात की और विकास कार्यों की जानकारी ली। कार्यक्रम के तहत वृंदावन पंचायत के निश्चिंता-गरुढाब गांव, तालझारी पंचायत के निपनिया गांव तथा मास्कलैया पंचायत के फतेहपुर गांव में सड़क निर्माण योजनाओं की आधारशिला रखी गई।
इस अवसर पर विधायक धनंजय सोरेन ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़कों के माध्यम से मुख्य मार्गों और शहरी क्षेत्रों से जोड़ना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आवागमन की सुविधाएं बेहतर होंगी तथा क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी।
शिलान्यास कार्यक्रम के बाद विधायक ने प्रखंड बीस सूत्री भवन में झामुमो पंचायत एवं प्रखंड कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। साथ ही झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता विनोद पांडेय के आगामी 12 जून को प्रस्तावित साहिबगंज दौरे को लेकर संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा भी की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत बनाने और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि झामुमो सरकार गांव-गांव तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
ग्रामीणों का मानना है कि इन सड़क परियोजनाओं के पूरा होने के बाद दूरस्थ पहाड़िया एवं आदिवासी गांवों की वर्षों पुरानी आवागमन संबंधी समस्याओं का समाधान होगा और क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से और अधिक मजबूती से जुड़ सकेगा। कार्यक्रम में प्रखंड अध्यक्ष जोसेफ हेंब्रम, प्रखंड सचिव मोहम्मद जहांगीर अंसारी, चरण हांसदा, मोहम्मद हामिद अंसारी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
ये भी पढ़ें: Sahibganj: नदिम इंस्टीट्यूट के मेधावियों का सम्मान, ICSE-CBSE बोर्ड में शानदार प्रदर्शन से बढ़ाया मान







