Barharwa: बरहरवा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के मोबाइल चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को आरपीएफ ने गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत 53 हजार 488 रुपये बताई गई है। आरपीएफ की इस कार्रवाई से रेलवे परिसर में सक्रिय चोर गिरोहों के खिलाफ कड़ा संदेश गया है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार अपने दल के साथ स्टेशन परिसर में गश्त एवं जांच अभियान चला रहे थे। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-03 पर खड़ी विश्वभारती पैसेंजर ट्रेन के कोचों की सघन जांच की जा रही थी। जांच के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को कोच के अंदर घूमते हुए देखा गया। पूछताछ के लिए रोकने पर दोनों ने ट्रेन से कूदकर भागने का प्रयास किया, लेकिन आरपीएफ जवानों की तत्परता के कारण उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया गया।
तलाशी लेने पर दोनों के पास से चोरी के चार मोबाइल फोन बरामद हुए। पूछताछ में आरोपितों ने अपनी पहचान चांद शेख (25 वर्ष) और इस्तेफाक शेख (30 वर्ष) के रूप में बताई। दोनों पाकुड़ जिले के निवासी हैं। पूछताछ के दौरान उन्होंने स्वीकार किया कि बरामद मोबाइल फोन में से दो मोबाइल बरहरवा रेलवे स्टेशन के द्वितीय श्रेणी प्रतीक्षालय में सो रहे यात्रियों से तथा दो मोबाइल टिकट काउंटर के समीप सोए हुए लोगों से चोरी किए गए थे।
आरपीएफ ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में चारों मोबाइल फोन जब्त कर लिए। आवश्यक कानूनी और दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपितों को बरामद मोबाइल फोन एवं संबंधित कागजात के साथ आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी बरहरवा को सौंप दिया गया है।
आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने कहा कि रेलवे परिसर में अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष निगरानी और गश्ती अभियान लगातार चलाया जा रहा है। यात्रियों की सुरक्षा और उनकी संपत्ति की रक्षा आरपीएफ की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
ये भी पढ़ें: Sahibganj में खनन घोटाला: नियमों को ताक पर रखकर कैसे बांटी गईं खदानें? CAG रिपोर्ट ने खोली प्रशासनिक खेल की परतें







