Sahibganj: जिला समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में जिला स्थापना समिति एवं अनुकंपा समिति की संयुक्त बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में विभिन्न विभागों से प्राप्त अनुकंपा नियुक्ति तथा सेवा संबंधी मामलों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में जिला अनुकंपा समिति के समक्ष कुल 11 मामलों को प्रस्तुत किया गया। उपायुक्त द्वारा प्रत्येक आवेदन की क्रमवार समीक्षा की गई एवं संबंधित दस्तावेजों जैसे आयु प्रमाण पत्र, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, एवं अन्य आवश्यक कागजातों की गहन जांच की गई।
जिन आवेदकों के दस्तावेज पूर्ण एवं संतोषजनक पाए गए, उन्हें एक माह का प्रशिक्षण देकर विभिन्न कार्यालयों में पदस्थापित करने का निर्णय लिया गया। वहीं, जिन आवेदनों में दस्तावेजों की कमी पाई गई, उन्हें अगली बैठक में संपूर्ण दस्तावेजों के साथ पुनः प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया।
सेवा मामलों पर भी हुई गंभीर चर्चा
इस अवसर पर स्थापना समिति की बैठक में लिपिक संवर्ग से संबंधित सेवा संतोष के 03 मामले, विभागीय कार्रवाई के 09 मामले एवं नियमित प्रोन्नति के 08 मामलों पर विचार किया गया। उपायुक्त ने कहा कि कर्मचारियों की आवश्यकता और प्रशासनिक सुचारु संचालन को देखते हुए नियमानुसार पदस्थापन, स्थानांतरण एवं प्रतिनियुक्ति की प्रक्रिया को शीघ्रता से संपन्न किया जाए।
बैठक में कई वरीय पदाधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में अपर समाहर्ता गौतम भगत, अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन आईन्द, जिला आपूर्ति पदाधिकारी झुनू कुमार मिश्रा, जिला शिक्षा पदाधिकारी दुर्गानंद झा, जिला शिक्षा अधीक्षक कुमार हर्ष, जिला कृषि पदाधिकारी प्रमोद एक्का, जिला पंचायत राज पदाधिकारी अनिल कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें: Moradabad में किसना डायमंड एंड गोल्ड ज्वेलरी का भव्य शोरूम लॉन्च









