Rajmahal (Sahibganj): राजमहल विधानसभा क्षेत्र के लिए दो बड़ी विकास योजनाओं की सौगात मिलने जा रही है। क्षेत्र के विधायक माननीय मो. ताजुद्दीन उर्फ एम.टी. राजा ने जानकारी दी कि नए निबंधन कार्यालय भवन और सर्किट हाउस का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होगा, जिससे क्षेत्र के जनता को सुविधा और शासन-प्रशासन को बेहतर संसाधन मिल सकेगा।
विधायक ने बताया कि राजमहल स्थित वर्तमान निबंधन कार्यालय काफी जर्जर स्थिति में है, जिससे जमीन-क्रय-विक्रय जैसे कार्यों के लिए आने वाले क्रेताओं और विक्रेताओं को काफी असुविधा झेलनी पड़ रही थी। उन्होंने कहा कि,
“यह कार्यालय सरकार के राजस्व प्राप्ति का महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए इसके आधुनिकीकरण की मांग उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से राजमहल आगमन के दौरान व्यक्तिगत रूप से की थी।”
विधायक के अनुसार, प्रस्तावित भवन में एक आधुनिक मार्केट कॉम्प्लेक्स भी शामिल रहेगा, जिसमें बैठने के लिए प्रतीक्षालय और अन्य सुविधाएं मौजूद होंगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि,
“राजमहल अनुमंडल मुख्यालय होने के बावजूद सर्किट हाउस न होने से यहां आने वाले राजकीय अतिथियों व विशिष्ट जनों को ठहरने में समस्याएं आती हैं। विशेषकर राजकीय माघी पूर्णिमा मेला जैसे आयोजनों के दौरान इस समस्या का तीव्रता से सामना करना पड़ता है।”
एम.टी. राजा ने बताया कि उन्होंने इस विषय को भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा था, जिसे गंभीरता से लिया गया और जिला उपायुक्त द्वारा दोनों योजनाओं पर विभागीय कार्रवाई आरंभ कर दी गई है। उन्होंने आशा जताई कि दोनों योजनाओं के क्रियान्वयन से क्षेत्र के नागरिक लाभान्वित होंगे और राजमहल की पहचान और भी सशक्त होगी। इधर, क्षेत्र के लोगों ने इन विकास योजनाओं को लेकर विधायक के प्रयासों की सराहना की है और उनके प्रति आभार व्यक्त किया है।
ये भी पढ़ें: Sahibganj: मानसिक रूप से विक्षिप्त भतीजे ने डंडे से मारकर चाचा की ली जान, पुलिस ने भेजा जेल









