Pakur, 29 जुलाई: उत्तर प्रदेश के लखनऊ स्थित कैंट थाना क्षेत्र में करीब बीस दिन पहले इनकम टैक्स अधिकारी के घर हुई बड़ी चोरी का तार अब झारखंड के पाकुड़ जिले से जुड़ गया है। यूपी क्राइम ब्रांच ने इस बहुचर्चित मामले में हिरणपुर से लूटा गया सोना बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है।सूत्रों के मुताबिक, मामले में पहले ही एक आरोपी को यूपी से गिरफ्तार किया जा चुका है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कबूल किया कि उसका ससुराल पाकुड़ जिले के ढोरिया गोपालपुर गांव में है और चोरी से जुड़ा कुछ सामान वहीं छिपाया गया है। इसी इनपुट के आधार पर यूपी क्राइम ब्रांच की टीम सोमवार देर शाम हिरणपुर पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से कई ज्वेलरी दुकानों पर छापेमारी की।
इस दौरान एक दुकान से चोरी में लूटा गया सोना जब्त किया गया, जिसकी पहचान लखनऊ में हुई चोरी से मिलान के बाद की गई। पूरी कार्रवाई बेहद गुप्त रूप से की गई, जिससे इलाके में अचानक सनसनी फैल गई। हालांकि पुलिस अधिकारी अभी आधिकारिक बयान देने से बच रहे हैं, लेकिन सूत्रों का कहना है कि इस केस में अंतरराज्यीय गिरोह सक्रिय है और आने वाले दिनों में कई और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। क्राइम ब्रांच अब चोरी में शामिल अन्य आरोपियों और पाकुड़ व आसपास के इलाकों में जुड़े दलालों व व्यापारियों की तलाश में जुट गई है।
ये भी पढ़ें: Sahibganj: जिप सदस्य रणधीर सिंह की पहल पर समतल हुई तीनपहाड़ बाजार की जर्जर सड़क









