-
धारदार हथियार से वार कर की गई हत्या, गांव में मचा हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी
Godda: झारखंड के गोड्डा जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बोआरीजोर थाना क्षेत्र के गोराडीह गांव में 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला सोना भानु खातून की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह घटना बीती रात की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार महिला अपने घर में चार साल की पोती के साथ अकेली रहती थीं। देर रात अज्ञात अपराधियों ने उनके गले पर धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी।
सुबह देर तक दरवाजा नहीं खुला तो खुला राज
गुरुवार सुबह जब महिला देर तक घर से बाहर नहीं निकली तो ग्रामीणों ने दरवाजा खटखटाया। अंदर जाकर देखा तो सोना भानु खातून का शव खून से लथपथ पड़ा था। उनके गले पर धारदार हथियार से गहरा कट का निशान था। घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव में सनसनी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
परिवार में दो बेटे और दो बेटियां
ग्रामीणों ने बताया कि मृतका के परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं। एक बेटा जेल में है, जबकि दूसरा मानसिक रूप से अस्वस्थ है। दोनों बेटियां दिल्ली में रहकर काम करती हैं। इसी कारण महिला अपनी चार साल की पोती के साथ घर में अकेली रहती थीं।
पुलिस जांच में जुटी, शव पोस्टमार्टम को भेजा गया
घटना की सूचना मिलते ही बोआरीजोर थाना प्रभारी आशीष कुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। इसके बाद महागामा एसडीपीओ चंद्रशेखर आज़ाद भी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए गोड्डा सदर अस्पताल भेज दिया।
जल्द होगा खुलासा: एसडीपीओ
महागामा एसडीपीओ चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि “प्रथम दृष्टया मामला गला रेतकर हत्या का लग रहा है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। जल्द ही अपराधियों को पकड़ा जाएगा और मामले का खुलासा किया जाएगा।”
गांव में इस घटना के बाद से दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस ने संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
ये भी पढ़ें: Sahibganj: कल्याणचक स्टेशन के पास पटरी के नीचे से 30 पेडल क्लिप चोरी, रेल अधिकारियों में हड़कंप










