-
बायसी स्थान गंगा घाट पर श्रद्धा और आस्था का उमड़ा सागर
Sahibganj: आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर सोमवार की शाम साहिबगंज के बायसी स्थान गंगा घाट पर श्रद्धा और भक्ति का सागर उमड़ पड़ा। हजारों श्रद्धालु डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने पहुंचे। इस दौरान झामुमो के केंद्रीय सचिव सह प्रवक्ता पंकज मिश्रा ने अपनी पत्नी के साथ गंगा तट पर पहुंचकर डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और राज्य व जिलेवासियों के सुख, समृद्धि तथा स्वास्थ्य की कामना की।
इसी क्रम में साहिबगंज के पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह भी अपनी पत्नी के साथ बायसी स्थान गंगा घाट पहुंचे। उन्होंने भी परंपरागत विधि-विधान से सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया और समस्त राज्यवासियों की खुशहाली व शांति की प्रार्थना की।
गंगा तट पर छठ घाट को भव्य रूप से सजाया गया था। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए गए थे। पुलिस बल, गोताखोरों और एनडीआरएफ की टीम पूरी सतर्कता के साथ मुस्तैद रही। श्रद्धालुओं के बीच धार्मिक उल्लास और सामाजिक सौहार्द का वातावरण देखने को मिला।
छठ व्रतियों ने सूर्यास्त के समय अर्घ्य देकर सूर्योपासना की परंपरा को निभाया। अगले दिन सोमवार को उदयमान सूर्य को अर्घ्य देकर चार दिवसीय छठ महापर्व संपन्न होगा।
ये भी पढ़ें: Jharkhand में संक्रमित खून से 5 बच्चे HIV पॉजिटिव: हाईकोर्ट सख्त, सिविल सर्जन समेत कई अधिकारी निलंबित









