Lal Qila Car Blast: राजधानी दिल्ली सोमवार शाम उस वक्त दहल उठी जब लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास खड़ी एक कार में जोरदार धमाका हो गया। धमाका इतना भयानक था कि आसपास खड़ी तीन अन्य गाड़ियां भी आग की लपटों में घिर गईं। लोकनायक जयप्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
धमाका मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास हुआ। धमाके के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटनास्थल पर चारों तरफ मलबा और जली हुई गाड़ियां बिखरी पड़ी हैं। दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया।
घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने दरियागंज से लाल किला मार्ग तक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी है। पुलिस और स्पेशल सेल की टीमें मौके पर मौजूद हैं। प्रारंभिक जांच के अनुसार, धमाका “बहुत तेज और असामान्य प्रकृति का” था। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि यह आतंकी साजिश, गैस सिलेंडर ब्लास्ट या कोई अन्य विस्फोटक डिवाइस था।
गृह मंत्रालय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) और राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) की टीमें जांच के लिए भेज दी हैं। फोरेंसिक विशेषज्ञ भी घटनास्थल से सैंपल इकट्ठा कर रहे हैं ताकि ब्लास्ट की प्रकृति और स्रोत का पता लगाया जा सके।
दिल्ली पुलिस ने पूरे एनसीआर क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम पुलिस को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, सुरक्षा एजेंसियों ने एहतियातन मुंबई, लखनऊ और जयपुर जैसे प्रमुख शहरों में भी अलर्ट जारी कर दिया है।
गृह मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, धमाके के बाद तत्काल प्रभाव से केंद्रीय एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है। आसपास के सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि धमाके से पहले कोई संदिग्ध गतिविधि तो नहीं हुई।
धमाके के बाद लाल किला क्षेत्र और चांदनी चौक इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने “बहुत जोरदार आवाज़ सुनी, फिर आग की ऊंची लपटें उठती देखीं।” पुलिस ने इलाके को पूरी तरह से घेर लिया है और मीडिया तथा आम लोगों की एंट्री पर रोक लगा दी गई है।
मामला फिलहाल जांच के अधीन है। सरकारी स्तर पर अब तक किसी आधिकारिक पुष्टि या बयान का इंतजार है। जांच एजेंसियों की प्रारंभिक रिपोर्ट आने के बाद ही धमाके की वास्तविक वजह सामने आएगी।
#WATCH लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास एक कार में विस्फोट की सूचना मिली थी, जिसके बाद तीन-चार गाड़ियों में भी आग लग गई और उन्हें नुकसान पहुंचा। कुल 7 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंच गई हैं। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की एक टीम भी मौके पर पहुंच गई है। आगे की जानकारी की… pic.twitter.com/0WBQwredSw
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 10, 2025
ये भी पढ़ें: Sahibganj सदर अस्पताल के बगल से चाय की चुस्की लेकर निकल गए स्वास्थ्य मंत्री!









