Pakur: महेशपुर में सशक्त हुई पुलिस व्यवस्था, एसडीपीओ कार्यालय व आवास भवन का लोकार्पण

Pakur: Police system strengthened in Maheshpur, SDPO office and residential building inaugurated.

Pakur: जिले के महेशपुर में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की दिशा में बुधवार को एक अहम पहल देखने को मिली, जब अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) कार्यालय सह आवास भवन का भव्य उद्घाटन किया गया। आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह भवन न केवल पुलिस प्रशासन को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराएगा, बल्कि आम नागरिकों को त्वरित, प्रभावी और सुलभ पुलिस सेवा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

नवनिर्मित भवन का उद्घाटन राजमहल लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय कुमार हांसदा, महेशपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सह अनुसूचित जाति, जनजाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण समिति के सभापति प्रो. स्टीफन मरांडी, उपायुक्त मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी तथा जिला परिषद अध्यक्ष जूली खिष्टमुणि हेंब्रम ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं नारियल फोड़कर किया। उद्घाटन समारोह में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को गरिमामय बना दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने कहा कि महेशपुर पुलिस परिवार को यह एक बड़ी सौगात मिली है। उन्होंने बताया कि पहले नए थाना भवन का निर्माण हुआ और अब एसडीपीओ कार्यालय व आवास भवन के चालू होने से क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। उन्होंने यह भी कहा कि खरमास समाप्त होते ही निर्धारित समय सीमा में भवन का निर्माण पूरा होना प्रशासनिक प्रतिबद्धता और कार्यकुशलता का परिचायक है, जिसके लिए उन्होंने संवेदक और जिला प्रशासन की सराहना की।

Pakur: Police system strengthened in Maheshpur, SDPO office and residential building inaugurated.

सांसद विजय कुमार हांसदा ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड में पुलिस एवं प्रशासनिक अवसंरचना को सशक्त करने के लिए योजनाबद्ध और समयबद्ध प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि साहिबगंज, पाकुड़ सहित अन्य जिलों की आवश्यकताओं के अनुरूप राज्य स्तर पर व्यापक योजना बनाई गई है, जिसके तहत थाना भवन, एसडीपीओ कार्यालय, आवास भवन तथा पुलिसकर्मियों के लिए बैरक का निर्माण कराया जा रहा है। इससे न केवल विधि-व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि 24 घंटे सेवा में लगे पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य एवं आवासीय सुविधा भी उपलब्ध होगी।

उपायुक्त मनीष कुमार ने इसे जिले के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि महेशपुर में एसडीपीओ कार्यालय एवं आवास भवन का निर्माण सांसद और विधायक के सतत प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह भवन पुलिस प्रशासन को सुचारु रूप से कार्य करने में सहायक होगा और आम नागरिकों को त्वरित एवं प्रभावी सेवा का लाभ मिलेगा।

पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के सहयोग से यह परियोजना साकार हो सकी है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या या पीड़ा होने पर वे सीधे संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें। पुलिस प्रशासन जनता की सुरक्षा और सेवा के लिए हर समय तत्पर है।

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने सामूहिक रूप से विश्वास जताया कि इस नए एसडीपीओ कार्यालय एवं आवास भवन के शुरू होने से महेशपुर क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था संधारण और त्वरित कार्रवाई में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा, जिससे आमजन का पुलिस पर भरोसा और अधिक मजबूत होगा।

ये भी पढ़ें: Hazaribagh के बड़ा बाज़ार में ब्लास्ट से दहला इलाका, महिला सहित तीन की मौत

AZAD ALAM
Author: AZAD ALAM

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisements
Rajesh Jaiswal - Ad created on August 15, 2025

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!