Sahibganj: पवित्र रमजान माह के दौरान शहर में सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे की एक खूबसूरत मिसाल उस वक्त देखने को मिली जब नवनिर्वाचित साहिबगंज नगर परिषद अध्यक्ष छोटु पासवान अपने बचपन के मित्र कमर निशात उर्फ रज्जन के आवास पर आयोजित इफ्तार पार्टी में शामिल हुए। इस अवसर पर शहर के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे और सभी ने मिलकर रोजा इफ्तार किया।
इफ्तार कार्यक्रम के दौरान वार्ड संख्या 12 के पार्षद पति शाहिद अंसारी भी उपस्थित रहे। रोजा खोलने के बाद सभी लोगों ने देश में अमन-चैन, भाईचारा और खुशहाली कायम रहने की दुआ मांगी। इस मौके पर उपस्थित लोगों ने आपसी एकता और सामाजिक सौहार्द को बनाए रखने का संकल्प भी लिया।

इफ्तार के बाद नगर परिषद अध्यक्ष छोटु पासवान ने हबीबपुर कुलीपाड़ा मोहल्ले का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को गंभीरता से सुना। लोगों ने भी अपने क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। अध्यक्ष ने आश्वस्त किया कि नगर परिषद क्षेत्र के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे तथा लोगों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
इफ्तार पार्टी के इस आयोजन में मनोज, नोमान, शाहिद, जादीद अंसारी, तौकीर अज़हर, हसन हन्नान, हसन मन्नान, आसिफ हुसैन, वारिस अली, हसन अयान सहित कई अन्य लोग भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान आपसी सौहार्द, भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश भी दिया गया, जो रमजान के पवित्र महीने की भावना को और मजबूत करता है।
ये भी पढ़ें: Sahibganj: दिव्यांग बच्चों संग मना रंगों का उत्सव, होली मिलन में झूम उठा विद्यालय परिसर








