Sahibganj: साहिबगंज जिले के रांगा थाना क्षेत्र अंतर्गत केंदुआ आमगाछी गांव में गुरुवार को बिहार एसटीएफ और साहिबगंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अवैध मिनी हथियार फैक्ट्री का बड़ा खुलासा हुआ है। बिहार की राजधानी पटना में हथियार के साथ पकड़े गए एक युवक की निशानदेही पर की गई इस छापेमारी में पुलिस ने बंद पड़े एक घर से एक दर्जन से अधिक अवैध हथियार एवं हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाली मशीनें बरामद की हैं।
बताया जा रहा है कि बिहार में गिरफ्तार युवक से पूछताछ के दौरान साहिबगंज जिले में अवैध हथियार निर्माण किए जाने की जानकारी मिली थी। इसके बाद बिहार एसटीएफ ने साहिबगंज पुलिस के साथ संयुक्त रूप से कार्रवाई की योजना बनाई। गुरुवार को भारी पुलिस बल के साथ केंदुआ आमगाछी गांव में छापेमारी की गई, जहां एक बंद मकान के भीतर संचालित अवैध मिनी हथियार फैक्ट्री का पर्दाफाश हुआ।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से कई अर्द्धनिर्मित हथियार और हथियार बनाने के उपकरण जब्त किए हैं। इसके अलावा हथियार निर्माण में प्रयुक्त मशीनें भी बरामद की गई हैं। हालांकि पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
कार्रवाई के दौरान बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल सहित बिहार एसटीएफ और साहिबगंज पुलिस के कई अधिकारी व जवान मौके पर मौजूद रहे। पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर सघन तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध हथियार फैक्ट्री का नेटवर्क किन-किन जिलों और राज्यों तक फैला हुआ था तथा यहां निर्मित हथियारों की आपूर्ति कहां की जाती थी?
पुलिस सूत्रों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा। वहीं इस मामले में पुलिस की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।








