Sahibganj: मानसून और मुहर्रम से पहले बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग, वार्ड पार्षद रिफत प्रवीण ने सौंपा ज्ञापन

Sahibganj: Demand to Rectify Power Supply System Ahead of Monsoon and Muharram; Ward Councilor Rifat Parveen Submits Memorandum

Sahibganj: मानसून और मुहर्रम को देखते हुए नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर नौ में बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग तेज हो गई है। वार्ड पार्षद रिफत प्रवीण ने गुरुवार को विद्युत अवर प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता से मुलाकात कर वार्ड क्षेत्र में व्याप्त विभिन्न विद्युत समस्याओं के समाधान को लेकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मानसून और मुहर्रम जुलूस से पूर्व सभी आवश्यक कार्य पूर्ण कर निर्बाध एवं सुरक्षित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।

ज्ञापन में वार्ड पार्षद ने बताया कि वार्ड नंबर नौ के अंतर्गत पटेल चौक से स्वामी विवेकानंद चौक, बाटा रोड, महाराजा स्वीट्स, एलसी रोड, बादशाह चौक, बंगाली टोला, दुसाध पाड़ा और सब्जी मंडी जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्र आते हैं। बंगाली टोला सहित कई स्थानों पर केबल तार सड़क पर झूल रहे हैं, जिससे वाहनों और राहगीरों को खतरा बना रहता है। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र प्रतिमा विसर्जन और मुहर्रम जुलूस का प्रमुख मार्ग भी है, इसलिए सुरक्षा की दृष्टि से झूलते तारों को तत्काल व्यवस्थित करना आवश्यक है।

रिफत प्रवीण ने सड़क के दोनों किनारों पर नए पोल लगाकर केबल तार बिछाने तथा सड़क के बीच से गुजर रहे तारों को हटाने की मांग की, ताकि जुलूसों और आम आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने बंगाली टोला, दुसाध पाड़ा और अन्य क्षेत्रों में जर्जर पोलों को बदलने, नए पोल लगाने तथा विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने की भी मांग रखी।

ज्ञापन में पटेल चौक से सब्जी मंडी, बादशाह चौक और बंगाली टोला क्षेत्र में गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के तारों में सेफ्टी वायर लगाने की मांग भी की गई है। साथ ही क्षतिग्रस्त पोल और खुले तारों को हटाकर सुरक्षित केबल तार एवं नए पोल लगाने पर जोर दिया गया है।

लोड की समस्या को देखते हुए वार्ड पार्षद ने सब्जी मंडी स्थित नीलिमा होटल के समीप 100 केवी के ट्रांसफार्मर की जगह 200 केवी क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाने तथा पुराने सदर अस्पताल के समीप अतिरिक्त 200 केवी ट्रांसफार्मर स्थापित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इससे विद्युत भार का संतुलन बनेगा और उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।

वार्ड पार्षद ने कहा कि मानसून और मुहर्रम जैसे महत्वपूर्ण अवसरों से पहले इन समस्याओं का समाधान अत्यंत आवश्यक है। वहीं कार्यपालक अभियंता विद्युत अवर प्रमंडल ने उन्हें आश्वस्त किया कि सभी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कार्य शीघ्र पूरा कराया जाएगा, ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित और निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सके।

ये भी पढ़ें: झारखंड मजदूर संघ का Barharwa में पुनर्गठन, जितेन रजक बने प्रखंड अध्यक्ष, आलोक घोष को नगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी

MOHSIN RAJA
Author: MOHSIN RAJA

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[the_ad_group id="2049"]

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!