Barharwa/Sahibganj: मानव तस्करी, बाल श्रम और अन्य संबंधित अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बरहरवा रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की सतर्कता से चार नाबालिग बालकों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। सभी नाबालिग संदिग्ध परिस्थितियों में स्टेशन परिसर में बिना किसी सामान के घूमते पाए गए थे और प्रारंभिक पूछताछ में मजदूरी के उद्देश्य से कोलकाता जाने की योजना की जानकारी सामने आई।
जानकारी के अनुसार 4 जून की देर रात आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार के पर्यवेक्षण में आरपीएफ पोस्ट बरहरवा एवं सीपीडीएस टीम मालदा द्वारा संयुक्त छापामारी और सघन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन के प्रतीक्षालय के समीप चार नाबालिग बालक संदिग्ध अवस्था में पाए गए।
पूछताछ के दौरान सभी ने अपनी आयु 15 से 16 वर्ष के बीच बताई तथा अपना घर बरहेट थाना क्षेत्र, जिला साहिबगंज का बताया। गहन पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि सभी बालक अपने परिजनों को बिना सूचना दिए घर से निकलकर बरहरवा रेलवे स्टेशन पहुंचे थे और मजदूरी करने के उद्देश्य से कोलकाता जाने की तैयारी में थे।
बालकों की उम्र और परिस्थितियों को देखते हुए आरपीएफ टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें सुरक्षित संरक्षण में लिया और आगे की प्रक्रिया के लिए आरपीएफ पोस्ट बरहरवा लाया गया। इसके बाद उनके अभिभावकों से मोबाइल फोन के माध्यम से संपर्क स्थापित कर पूरे मामले की जानकारी दी गई।
सभी आवश्यक कानूनी और बाल संरक्षण संबंधी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद चारों नाबालिगों को मंथन संस्था की प्रतिनिधि आराधना मंडल, अंसु मालाकार तथा चाइल्ड हेल्पलाइन साहिबगंज के प्रतिनिधि मो. इकबाल के सुपुर्द कर दिया गया, ताकि उन्हें समुचित देखभाल और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
आरपीएफ अधिकारियों ने कहा कि रेलवे स्टेशन मानव तस्करी और बाल श्रम से जुड़े मामलों की रोकथाम के लिए संवेदनशील स्थानों में शामिल हैं। ऐसे मामलों पर विशेष नजर रखी जा रही है और नियमित रूप से जांच अभियान चलाए जा रहे हैं।
रेलवे सुरक्षा बल ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत आरपीएफ अथवा संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को दें, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।
ये भी पढ़ें: Sindega: झामुमो कार्यकर्ता महासम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब, संगठन मजबूती और मतदाता जागरूकता पर हुआ मंथन







