Shekhpura: जिले के दौरे पर पहुंचे अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) सह नोडल पदाधिकारी अमित लोढ़ा को सोमवार को एक सामाजिक कार्यकर्ता द्वारा कथित भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायत पत्र सौंपे जाने के बाद प्रशासनिक और पुलिस महकमे में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। सामाजिक कार्यकर्ता, पर्यावरण एवं पशु प्रेमी सैयद अरशद नसर ने शेखपुरा परिसदन में एडीजी से मुलाकात कर एक बंद लिफाफा सौंपा, जिसमें जिले के कुछ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के विरुद्ध शिकायतें दर्ज होने का दावा किया गया है।
सैयद अरशद नसर ने एडीजी से शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए ऐसे मामलों पर गंभीरता से कार्रवाई आवश्यक है। एडीजी अमित लोढ़ा ने शिकायत प्राप्त कर मामले पर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस घटनाक्रम के बाद जिले में विभिन्न स्तरों पर चर्चा शुरू हो गई है। वहीं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने शिकायतों पर जांच की मांग को जनहित से जुड़ा कदम बताया है। हालांकि शिकायत पत्र में किए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और न ही संबंधित अधिकारियों की ओर से इस संबंध में कोई प्रतिक्रिया सामने आई है।
गौरतलब है कि नोडल पदाधिकारी बनने के बाद अमित लोढ़ा का यह पहला शेखपुरा दौरा था। जिले में पुलिस अधीक्षक के रूप में उनके कार्यकाल को लेकर भी लोगों के बीच चर्चा होती रही है। अपने दौरे के दौरान उन्होंने प्रशासनिक और विधि-व्यवस्था संबंधी विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की। इस अवसर पर जिलाधिकारी शेखर आनंद, पुलिस अधीक्षक बलिराम कुमार चौधरी, एसडीपीओ डॉ. राकेश कुमार, नगर थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार सहित कई प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें: Barharwa: छात्र हितों को लेकर NSUI का विश्वविद्यालय पर दबाव, चार सूत्री मांगों के समर्थन में सौंपा ज्ञापन







