Sahibganj: केरल के तिरुवनंतपुरम सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर साहिबगंज जिले के चार नाबालिग बच्चों को रेलवे पुलिस ने रेस्क्यू कर सुरक्षित संरक्षण में लिया है। रेस्क्यू किए गए बच्चों में दो लड़के और दो लड़कियां शामिल हैं। इस दौरान बच्चों के साथ मौजूद एक संदिग्ध व्यक्ति को भी हिरासत में लिया गया है, जो साहिबगंज का ही निवासी बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तिरुवनंतपुरम रेलवे पुलिस को बच्चों की गतिविधियों पर संदेह होने पर जांच की गई, जिसके बाद चारों नाबालिगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए रेलवे पुलिस ने तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। साथ ही सभी बच्चों को बाल संरक्षण की प्रक्रिया के तहत चाइल्ड केयर इंस्टीट्यूशन (CCI) में सुरक्षित रखा गया है।
घटना की सूचना तिरुवनंतपुरम पुलिस द्वारा लापता हेल्प डेस्क टीम को दी गई। इसके बाद साहिबगंज पुलिस से समन्वय स्थापित कर बच्चों के परिजनों का पता लगाया गया और उनसे संपर्क किया गया। सूचना मिलते ही बच्चों के माता-पिता उन्हें वापस लाने के लिए केरल के लिए रवाना हो गए हैं।
मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि बच्चों को किस उद्देश्य से इतनी दूर ले जाया जा रहा था। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। वहीं बच्चों के सुरक्षित रेस्क्यू होने से परिजनों ने राहत की सांस ली है।
ये भी पढ़ें: Sahibganj: खेत बचाओ अभियान में किसानों को मिला वैज्ञानिक खेती का मंत्र, मिट्टी की उर्वरा शक्ति बचाने पर जोर







