Sahibganj: निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग और नशे की बढ़ती प्रवृत्ति के खिलाफ राज्य सरकार के निर्देश पर सोमवार से जिले में विशेष जन-जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। 15 जून से 26 जून 2026 तक चलने वाले इस राज्यव्यापी अभियान के तहत समाहरणालय परिसर से उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जागरूकता रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों और ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर लोगों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेगा। विशेष रूप से युवाओं और विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य समाज में बढ़ रही नशे की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाना और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने कहा कि नशीले पदार्थों का सेवन व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को गंभीर रूप से प्रभावित करता है। इसके साथ ही यह परिवार और समाज की प्रगति में भी बड़ी बाधा बनता है। उन्होंने लोगों से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे इस अभियान को जनआंदोलन का रूप देने और युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग के विरुद्ध जन-जागरूकता अभियान के तहत समाहरणालय परिसर से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराएगा।#NashaMuktSahibganj @JharkhandCMO pic.twitter.com/4v2lIxPSEz
— DC Sahibganj (@dc_sahibganj) June 15, 2026
कार्यक्रम के दौरान दीपक आर्ट की टीम ने नशा मुक्ति विषय पर आधारित प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। कलाकारों ने अपने जीवंत अभिनय के माध्यम से नशीले पदार्थों के दुष्परिणामों और नशामुक्त जीवन के महत्व को प्रभावी ढंग से दर्शाया। उपस्थित लोगों ने नुक्कड़ नाटक की सराहना करते हुए इसके संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम में अपर समाहर्ता गौतम कुमार भगत, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी संजय कुमार दास सहित जिला प्रशासन के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे नशे के खिलाफ इस जागरूकता अभियान में सहभागी बनें और स्वस्थ, सुरक्षित तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान दें।
ये भी पढ़ें: Sahibganj: तालझारी में सड़क क्रांति की शुरुआत, विधायक धनंजय सोरेन ने कई विकास योजनाओं का किया शिलान्यास







