Ranchi: रेखा देवी हत्याकांड का खुलासा, पति के अवैध संबंध का विरोध बना मौत की वजह, पड़ोसन समेत 4 गिरफ्तार

Ranchi: Rekha Devi murder case solved; objection to husband's illicit affair led to her death; four arrested, including a female neighbor.

Ranchi: राजधानी रांची के तुपुदाना थाना क्षेत्र में महिला का सिर कुचला शव मिलने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया है कि मृतका रेखा देवी की हत्या एक सुनियोजित साजिश के तहत की गई थी। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी संध्या कुमारी उरांव समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में अवैध संबंध, ईर्ष्या और प्रतिशोध की भावना को हत्या की मुख्य वजह बताया गया है।

जानकारी के अनुसार 20 जून को तुपुदाना ओपी क्षेत्र के 10 माइल से तुंजू जाने वाली सड़क पर सिरी सोहराय पहाड़ के समीप एक महिला का सिर कुचला शव बरामद हुआ था। बाद में मृतका की पहचान अरगोड़ा थाना क्षेत्र के पिपरटोली निवासी रेखा देवी के रूप में हुई। शव की स्थिति देखकर प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा था कि किसी ने हत्या के बाद इसे सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया। वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मानव स्रोतों से जुटाई गई जानकारी के आधार पर पुलिस ने पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया।

जांच में खुलासा हुआ कि रेखा देवी के पति संतोष भुइयां का पड़ोस में रहने वाली संध्या कुमारी उरांव के साथ कथित अवैध संबंध था। रेखा देवी लगातार इस संबंध का विरोध करती थीं, जिससे संध्या कुमारी नाराज रहती थी। दोनों महिलाओं के बीच इस मुद्दे को लेकर अक्सर विवाद होता था। पुलिस के अनुसार इसी विवाद ने धीरे-धीरे प्रतिशोध का रूप ले लिया और रेखा देवी को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई।

पुलिस के मुताबिक संध्या कुमारी ने अपने भाई रमेश उरांव और उसके दो साथियों कृष्णादास गोस्वामी तथा लखन उरांव के साथ मिलकर वारदात की योजना बनाई। आरोप है कि 19 जून को फर्जी नंबर प्लेट लगी एक सफेद आर्टिगा कार से रेखा देवी का अरगोड़ा थाना क्षेत्र से अपहरण किया गया। इसके बाद उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया और हत्या कर शव को सुनसान इलाके में फेंक दिया गया।

आरोपियों ने हत्या को सड़क हादसा दिखाने के उद्देश्य से कार से मृतका के चेहरे और सिर को कुचल दिया, ताकि पहचान और साक्ष्य दोनों को मिटाया जा सके। हालांकि पुलिस की गहन जांच के आगे उनकी साजिश ज्यादा दिनों तक नहीं टिक सकी।

रांची पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर फर्जी नंबर प्लेट लगी आर्टिगा कार, एक देसी पिस्तौल, दो देसी कट्टा, नौ जिंदा कारतूस और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह हत्याकांड रांची में हाल के दिनों की सबसे चर्चित और सनसनीखेज घटनाओं में से एक माना जा रहा है, जिसने रिश्तों, विश्वासघात और प्रतिशोध की भयावह तस्वीर को सामने ला दिया है।

ये भी पढ़ें: मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण को लेकर Rajmahal में बीएलए का प्रशिक्षण, बीडीओ ने बताई अहम जिम्मेदारियां

MOHSIN RAJA
Author: MOHSIN RAJA

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!