Ranchi: निकाय चुनाव की आहट, 27-28 जनवरी तक लागू होगी आचार संहिता

Ranchi: With the municipal elections approaching, the model code of conduct will be implemented by January 27-28. Chief Minister Hemant Soren has urged party workers to start preparing for the elections immediately.
  • CM Hemant Soren ने कार्यकर्ताओं को अभी से तैयारी में जुटने का किया आह्वान

Ranchi: नगर निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा की गतिविधियां तेज हो गई हैं। झामुमो अध्यक्ष सह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (CM Hemant Soren) की अध्यक्षता में सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें रांची जिला अंतर्गत पार्टी के सभी स्तर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट संकेत दिया कि 27 से 28 जनवरी तक राज्य में नगर निकाय चुनाव को लेकर आचार संहिता लागू हो जाएगी और फरवरी माह में पूरी चुनावी प्रक्रिया संपन्न कर ली जाएगी।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (CM Hemant Soren) ने कहा कि भले ही नगर निकाय चुनाव दलीय आधार पर नहीं हो रहे हों, लेकिन चुनाव मैदान में उतरने वाला प्रत्येक प्रत्याशी किसी न किसी राजनीतिक दल से जुड़ा होता है। ऐसे में झारखंड मुक्ति मोर्चा को भी अपनी संगठनात्मक और रणनीतिक तैयारी समय रहते शुरू कर देनी चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव को गंभीरता से लेने और जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने पार्टी पदाधिकारियों को वार्ड कमेटियों के विस्तार, संगठन को मजबूत करने और संभावित प्रत्याशियों के चयन की दिशा में तेजी से काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव शहरी क्षेत्रों में पार्टी की पकड़ मजबूत करने का एक अहम अवसर है और इसमें कार्यकर्ताओं की भूमिका निर्णायक होगी।

बैठक का संचालन पार्टी महासचिव विनोद पांडेय ने किया। बैठक में सुप्रियो भट्टाचार्य, केंद्रीय सचिव अभिषेक प्रसाद पिंटू, केंद्रीय सदस्य पवन जेडीया, अश्विनी शर्मा, अंतु तिर्की, समनूर मंसूरी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इसके अलावा रांची जिला संयोजक प्रमुख मुश्ताक आलम, हेमलाल मेहता, नयनतारा उरांव, संध्या गुड़िया, सुषमा वरदेवा, अंकिता वर्मा, रांची जिला और महानगर संयोजक मंडली के सदस्य, सभी प्रखंड समितियों के अध्यक्ष-सचिव तथा महानगर क्षेत्र के सभी वार्ड समितियों के पदाधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।

बैठक में कार्यकर्ताओं में चुनाव को लेकर उत्साह और सक्रियता देखने को मिली। मुख्यमंत्री के स्पष्ट संकेत के बाद पार्टी संगठन अब पूरी तरह से नगर निकाय चुनाव की तैयारी में जुट गया है।

ये भी पढ़ें: Sahibganj: तीन दिन की सघन जांच के बाद लौटी सीबीआई टीम, अवैध खनन मामले में फिर लौटने के संकेत

WASIM AKRAM
Author: WASIM AKRAM

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!