चार माह से वेतन नहीं मिलने पर ऊर्जा मित्रों का काम बंद, Sahibganj में बिजली बिलिंग व्यवस्था ठप होने के आसार

Energy Mitras Halt Work Due to Non-Payment of Salaries for Four Months; Power Billing System in Sahibganj Faces Imminent Collapse

Sahibganj: साहिबगंज जिले में बिजली बिलिंग कार्य से जुड़े ऊर्जा मित्रों ने चार महीनों से मानदेय भुगतान नहीं होने तथा पीएफ और ईएसआईसी जैसी सुविधाएं नहीं मिलने के विरोध में काम बंद करने का निर्णय लिया है। ऊर्जा मित्रों के इस फैसले से जिले में बिजली बिलिंग व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका गहरा गई है। कर्मचारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक उनके बकाया भुगतान का समाधान नहीं किया जाता, तब तक बिलिंग कार्य पूरी तरह बंद रहेगा।

मिली जानकारी के अनुसार, श्री पब्लिकेशन एंड स्टेशनर्स प्राइवेट लिमिटेड (एसपीएस) कंपनी के अंतर्गत कार्यरत ऊर्जा मित्रों ने कंपनी प्रबंधन को ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया है। कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें जनवरी 2026 से अप्रैल 2026 तक का मासिक मानदेय अब तक नहीं मिला है। इसके अलावा कंपनी द्वारा कर्मचारियों के भविष्य निधि (PF) और कर्मचारी राज्य बीमा योजना (ESIC) का लाभ भी नहीं दिया जा रहा है, जिससे सभी कर्मियों में भारी नाराजगी है।

ऊर्जा मित्रों का कहना है कि लगातार चार महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो रहा है और कई कर्मचारी कर्ज लेकर घर चला रहे हैं। ऐसे में मजबूर होकर सभी ऊर्जा मित्रों ने सामूहिक रूप से काम बंद करने का निर्णय लिया है।

इस मामले को लेकर झामुमो केंद्रीय सचिव सह प्रवक्ता पंकज मिश्रा ने भी कर्मचारियों की समस्याओं पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि किसी भी श्रमिक या कर्मी का मेहनताना समय पर मिलना उसका अधिकार है। चार-चार महीने तक वेतन लंबित रखना बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि बिजली बिलिंग व्यवस्था से जुड़े कर्मियों की समस्याओं का जल्द समाधान होना चाहिए ताकि आम जनता को भी परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने संबंधित कंपनी प्रबंधन और विभागीय अधिकारियों से इस मामले में संवेदनशीलता दिखाते हुए शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की।

ऊर्जा मित्रों द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में रमेश कुमार, संजीव कुमार साह, फिरोज, परवेज, त्रिदोष कुमार पंडित, मो. मेराज आलम, सूरज कुमार, अशोक कुमार और जाहिद नसीम सहित अन्य कर्मियों के हस्ताक्षर मौजूद हैं। ज्ञापन पर साहिबगंज के सपोर्ट मैनेजर के हस्ताक्षर भी किए गए हैं।

ऊर्जा मित्रों के आंदोलन से अब जिले में बिजली उपभोक्ताओं की बिलिंग प्रक्रिया प्रभावित होने लगी है। यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो आने वाले दिनों में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर भी इसका व्यापक असर पड़ सकता है।

ये भी पढ़ें: Sahibganj: बरहेट पहुंचे झामुमो केंद्रीय सचिव पंकज मिश्रा, विकास कार्यों में तेजी लाने पर दिया जोर

MOHSIN RAJA
Author: MOHSIN RAJA

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!