Sahibganj: साहिबगंज में ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध को लेकर दवा विक्रेताओं ने मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को जिला परिषद कैंपस में साहिबगंज जिला केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन की बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले के कई प्रमुख दवा विक्रेता शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष अनूप कुमार सिंह ने की।
बैठक में ऑनलाइन दवा बिक्री पर रोक लगाने की मांग को लेकर व्यापक चर्चा हुई। दवा विक्रेताओं ने कहा कि ऑनलाइन दवा कारोबार से स्थानीय मेडिकल दुकानदारों के व्यवसाय पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है, साथ ही बिना उचित निगरानी के दवाओं की बिक्री मरीजों के स्वास्थ्य के लिए भी खतरा बन सकती है।
एसोसिएशन ने निर्णय लिया कि अपनी मांगों के समर्थन में दवा विक्रेता काला बिल्ला लगाकर दुकानदारी करेंगे। इसके साथ ही एक दिन के लिए साहिबगंज मुख्यालय समेत पूरे झारखंड में दवा दुकानों को बंद रखकर हड़ताल की जाएगी। दवा विक्रेताओं ने सरकार से ऑनलाइन दवा बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने की मांग की है।
बैठक में एसोसिएशन के अध्यक्ष अनूप कुमार सिंह, सचिव कृष्णा भगत, उपाध्यक्ष नवल किशोर मंडल, कोषाध्यक्ष रंजीत कुमार समेत अन्य कार्यकारिणी सदस्य मौजूद रहे।








