Barharwa: प्रखंड क्षेत्र की बिंदुपारा पंचायत अंतर्गत बिशनपुर (बिंदुपारा बाजार) में सोमवार को खुशी नर्सिंग होम का विधिवत उद्घाटन किया गया। नर्सिंग होम का उद्घाटन पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री एवं पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक आलमगीर आलम तथा फरक्का विधायक महताब शेख ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत नर्सिंग होम प्रबंधन द्वारा मुख्य अतिथि आलमगीर आलम एवं विशिष्ट अतिथि महताब शेख को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित करने के साथ हुई। उद्घाटन के बाद आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से युक्त नर्सिंग होम का खुलना क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि अब आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे समय पर इलाज उपलब्ध होगा और मरीजों को काफी राहत मिलेगी।
फरक्का विधायक महताब शेख ने अपने संबोधन में कहा कि चिकित्सा सेवा एक सामाजिक दायित्व है और इसे केवल व्यवसाय के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने नर्सिंग होम प्रबंधन और चिकित्सकों से मरीजों की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के प्रति विशेष संवेदनशीलता बरतने की अपील की।
नर्सिंग होम के संचालक सबीर शेख, सुनीता देवी और मुशर्रफ हुसैन ने बताया कि अस्पताल में सर्जन, फिजिशियन, आर्थोपेडिक और गायनोकोलॉजिस्ट सहित विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को चौबीसों घंटे बेहतर चिकित्सा सुविधा प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को रियायती दरों पर इलाज उपलब्ध कराने का भी संकल्प लिया गया है।
उद्घाटन समारोह में साहिबगंज जिला कांग्रेस अध्यक्ष बरकत खान, जिला उपाध्यक्ष नाबिद अंजुम, प्रखंड अध्यक्ष रंजीत टुडू, प्रखंड उपाध्यक्ष अनंत लाल भगत, प्रखंड महासचिव निताय सरकार, दौरान चौधरी, मोतिउर अंसारी, मो. सबीर शेख, समीम मंसूरी सहित कई कांग्रेस नेता, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।







