Sahibganj: नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत साहिबगंज पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। राधानगर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उधवा ओवरब्रिज के समीप एक युवक को 7.88 ग्राम एमडीएमए (MDMA) ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
राजमहल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) विमलेश कुमार त्रिपाठी ने रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि 6 जून 2026 को पुलिस अधीक्षक को उधवा ओवरब्रिज के पास अवैध रूप से मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया और कार्रवाई की योजना बनाई गई।
उधवा के प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी की मौजूदगी में राधानगर थाना पुलिस ने निर्धारित स्थल पर छापेमारी की। पुलिस टीम को देखते ही एक युवक मौके से भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 7.88 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स बरामद किया गया।
गिरफ्तार युवक की पहचान पहाड़गांव निवासी 23 वर्षीय फिरोज शेख के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ को जब्त कर लिया है और आरोपी से पूछताछ के आधार पर मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
एसडीपीओ ने बताया कि मामले में राधानगर थाना कांड संख्या 198/26 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 27 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्रारंभिक जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
उन्होंने कहा कि जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ऐसे मामलों में शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाते हुए कार्रवाई कर रही है और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
छापेमारी अभियान में उधवा के अंचलाधिकारी जयंत कुमार तिवारी, राधानगर थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज, पुलिस पदाधिकारी पंकज कुमार दुबे, सुनील कुमार मेहता, हवलदार प्रहलाद मेहरा, आरक्षी दुलारचंद यादव सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस की इस कार्रवाई को नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान की एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।







