Sahibganj के होटल में आधी रात बवाल, ठहरे युवकों और कर्मचारियों में मारपीट; दोनों पक्षों ने दर्ज कराई FIR

Midnight commotion at a Sahibganj hotel; a scuffle broke out between the youths staying there and the staff; both parties have lodged FIRs.

Sahibganj: नगर थाना क्षेत्र के चौक बाजार स्थित होटल ड्रीम स्टार में शनिवार देर रात ठहरे युवकों और होटल कर्मचारियों के बीच विवाद के बाद मारपीट की घटना सामने आई है। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार बिहार के पूर्णिया जिले के फुलवरिया निवासी विनोद कुमार चौहान अपने कुछ साथियों के साथ होटल के कमरा संख्या 201 और 203 में ठहरे हुए थे। शनिवार देर रात किसी बात को लेकर होटल कर्मचारियों और युवकों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। घटना में विनोद कुमार चौहान को हल्की चोटें आईं।

घायल विनोद कुमार चौहान ने नगर थाना में आवेदन देकर होटल कर्मचारियों पर मारपीट का आरोप लगाया है। उनके आवेदन के आधार पर गोपाल कुमार, सुसांत कुमार, राजा कुमार सहित अन्य लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने इस संबंध में नगर थाना कांड संख्या 100/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वहीं दूसरी ओर होटल प्रबंधन ने भी युवकों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। होटल प्रबंधन का आरोप है कि संबंधित युवक होटल में शराब लेकर आए थे और शराब सेवन के बाद होटल परिसर में हंगामा कर रहे थे। विरोध करने पर उन्होंने कर्मचारियों के साथ मारपीट की और होटल का माहौल खराब किया।

होटल के मैनेजर गोपाल कुमार ने आरोप लगाया कि युवकों की गतिविधियों से अन्य कमरों में ठहरे मेहमान भी परेशान हुए। उन्होंने दावा किया कि कर्मचारियों के साथ हुई मारपीट की घटना होटल के सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। साथ ही होटल के एक कर्मचारी के साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर दुर्व्यवहार किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

होटल प्रबंधन द्वारा दर्ज शिकायत में कुंदन यादव, रूपेश कुमार मंडल, राजू कुमार चौहान, विनोद कुमार चौहान, चंदन चौहान एवं अशोक मंडल को नामजद किया गया है। घटना के बाद संबंधित कमरों से बीयर के खाली कैन मिलने की भी चर्चा है। होटल प्रबंधन का कहना है कि युवकों ने संभवतः शराब अपने सामान में छिपाकर होटल में लाई थी, जिसकी पूर्व जानकारी उन्हें नहीं थी।

घटना को बिहार में लागू शराबबंदी कानून के संदर्भ में भी देखा जा रहा है। स्थानीय सूत्रों का कहना है कि सीमावर्ती क्षेत्रों से कुछ लोग शराब सेवन के लिए साहिबगंज आते हैं और होटल या लॉज में ठहरते हैं। हालांकि इस मामले में पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है।

नगर थाना प्रभारी अमित गुप्ता ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग मामले दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, उपलब्ध साक्ष्यों और दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें: संथाल परगना को केंद्र शासित प्रदेश बनाने की मांग, Ranchi के प्रबुद्ध नागरिक संवाद में उठा बड़ा प्रस्ताव

MOHSIN RAJA
Author: MOHSIN RAJA

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[the_ad_group id="2049"]

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!