Sahibganj: राजमहल (Rajmahal) थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने 13.7 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों को रविवार को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में राजमहल एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि फुलवरिया पटाल के समीप अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। राजमहल बीडीओ सह सीओ मो. युसुफ की उपस्थिति में पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस को देखकर एक व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 13.7 ग्राम एमडीएमए जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया। गिरफ्तार युवक की पहचान फकरुद्दीन शेख उर्फ मिंटू (29) के रूप में हुई।
पूछताछ में फकरुद्दीन ने इस अवैध कारोबार में सलमान शेख की संलिप्तता की जानकारी दी, जिसके आधार पर पुलिस ने सलमान शेख को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों ने पूछताछ के दौरान अपने अपराध में संलिप्तता स्वीकार की है।

इस संबंध में राजमहल थाना कांड संख्या 181/26 दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, 1985 की धारा 21 एवं 27 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।
डीएसपी विमलेश त्रिपाठी की निगरानी में चलाए गए इस अभियान से स्पष्ट संदेश गया है कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। पुलिस टीम ने जिस तेजी और सूझबूझ के साथ कार्रवाई की, वह सराहनीय है। साथ ही पूरे नेटवर्क की जांच जारी रखना इस बात का संकेत है कि पुलिस केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहकर जड़ तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
राजमहल पुलिस की यह कार्रवाई युवाओं को नशे के दलदल में धकेलने वाले तस्करों के खिलाफ एक मजबूत संदेश है। जिलेवासियों ने भी इस उपलब्धि पर पुलिस प्रशासन, विशेष रूप से डीएसपी विमलेश कुमार त्रिपाठी और छापेमारी दल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी ऐसी प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।
छापेमारी अभियान में सीओ सह बीडीओ मो. युसुफ, थाना प्रभारी हसनैन अंसारी, पवन यादव, महादेव उरांव, बृजनंदन चौधरी, महेंद्र यादव, दिनेश कुमार सहित पुलिस विभाग के अन्य जवान शामिल रहे।
ये भी पढ़ें: Sahibganj: सदर अस्पताल की सेंट्रल लैब में कर्मियों की गैरहाजिरी से मरीज परेशान, घंटों ठप रहा सैंपल कलेक्शन








