Sahibganj: नशीले पदार्थों के बढ़ते दुरुपयोग पर रोक लगाने और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मुफस्सिल थाना पुलिस ने मंगलवार को विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया। थाना प्रभारी अनीश पांडेय के नेतृत्व में छोटी कोदरजन्ना स्थित बड़ी इमामबाड़ा के समीप आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
अभियान के दौरान थाना प्रभारी अनीश पांडेय ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करने के साथ-साथ परिवार और समाज के लिए भी गंभीर खतरा बन जाता है। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों की लत कई सामाजिक और आर्थिक समस्याओं को जन्म देती है, इसलिए युवाओं को इससे दूर रहना चाहिए और समाज में जागरूकता फैलाने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
उन्होंने लोगों से शराब, गांजा, अफीम, नशीली दवाओं और अन्य मादक पदार्थों के सेवन से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में आम नागरिकों की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित महिलाओं, पुरुषों और युवाओं को नशे के खिलाफ शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन नहीं करेंगे और अपने आसपास भी नशे के कारोबार या सेवन को बढ़ावा नहीं देने देंगे। साथ ही लोगों ने यह भी वादा किया कि यदि उनके क्षेत्र में किसी प्रकार की अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी की जानकारी मिलती है तो वे तत्काल पुलिस को सूचित करेंगे।
थाना प्रभारी ने कहा कि जिले को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है और इसमें जनता का सहयोग सबसे अहम है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी नशे का अवैध कारोबार संचालित होता दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत मुफस्सिल थाना या डायल 112 पर दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
नशामुक्ति जागरूकता अभियान में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणों और युवाओं की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के माध्यम से समाज को नशे के खिलाफ एकजुट होकर जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया।







