Sahibganj: साहिबगंज जिले के राधानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत उत्तर पलासगाछी पंचायत के खट्टी टोला गांव में मंगलवार को एक युवक का शव घर के पीछे आम के पेड़ से फंदे के सहारे लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खट्टी टोला निवासी स्वर्गीय नूर मोहम्मद के पुत्र हबीब शेख (25 वर्ष) का शव उनके घर के पीछे स्थित आम के पेड़ पर फंदे से लटका हुआ पाया गया। बताया जाता है कि मंगलवार सुबह युवक घर में नहीं मिला तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद घर के पीछे पेड़ पर उसका शव लटका दिखाई दिया। यह दृश्य देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना की सूचना मिलने पर राधानगर थाना के एसआई शशिकांत यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया तथा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, राजमहल भेज दिया।
एसआई शशिकांत यादव ने बताया कि फिलहाल मृतक के परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
ग्रामीणों के अनुसार हबीब शेख शांत और मिलनसार स्वभाव का युवक था। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ समय पहले ही उसके पिता की भी कथित रूप से जहर खाने से मौत हुई थी। ऐसे में युवक की अचानक हुई मौत को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि यह मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच जारी है।







