-
बरहेट में गूंजा रहस्यमयी मौत का मामला, परिजनों ने जताई अनहोनी की आशंका
Barhet (Sahibganj): बरहेट थाना क्षेत्र का शांत रहने वाला गांव बांसजोरी शुक्रवार को तब दहशत में आ गया जब बंद पड़े प्राथमिक विद्यालय के जर्जर भवन से एक युवती की लाश बरामद हुई। मृतका की पहचान 20 वर्षीय काहा मरांडी के रूप में हुई है, जो मानसिक रूप से असंतुलित बताई जा रही थीं। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पूरे स्कूल परिसर को सील कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए दुमका से विशेष डॉग स्क्वॉड मोमो को बुलाया गया, जिसने शुक्रवार को घटनास्थल के आसपास करीब 100 मीटर के दायरे में तलाशी ली। खोजबीन के दौरान डॉग स्क्वॉड एक घर के पास जाकर रुक गया, जिससे जांच की दिशा और पेचीदा हो गई है।
मृतका के पिता राम मरांडी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उनकी बेटी 19 अक्टूबर की सुबह करीब 9 बजे अपने मामा के घर खिजूरखाल जाने के लिए निकली थी, लेकिन वहां कभी पहुंची ही नहीं। कई दिनों की तलाश के बाद 22 अक्टूबर की रात ग्रामीणों ने सूचना दी कि बांसजोरी प्राथमिक विद्यालय के जर्जर भवन के अंदर एक युवती का शव पड़ा है। परिजनों ने संदेह जताया है कि काहा मरांडी के साथ कोई अनहोनी हुई है। उनका कहना है कि यह सामान्य मौत नहीं हो सकती।
बरहेट थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि मृतका के पिता के आवेदन पर गुरुवार 23 अक्टूबर को कांड संख्या 152/25, के तहत अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है। थाना प्रभारी ने कहा कि “मामले के सभी पहलुओं पर जांच जारी है। डॉग स्क्वॉड की मदद से सुराग तलाशे जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही स्थिति स्पष्ट होगी।” इस रहस्यमयी मौत से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है, जबकि गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि इतने दिनों तक युवती का शव स्कूल के खंडहर में कैसे पड़ा रहा, यह अपने आप में बड़ा सवाल है।
ये भी पढ़ें: Ranchi: ग्रामीण विकास विभाग घोटाला, ED ने वीरेंद्र राम समेत आठ लोगों के खिलाफ किया आरोप पत्र दायर









