Taljhari (Sahibganj): गंगा नदी थाना क्षेत्र के बांसकोला घाट के पास शुक्रवार को स्नान के दौरान डूबे दो किशोर का शव शनिवार सुबह बरामद हो गया। शव को देख घाट पर मौजूद परिजनों और स्थानीय लोगों में चीख-पुकार मच गई। घटना ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, छोटी भगियामारी निवासी किशन चौधरी के 17 वर्षीय पुत्र संजय चौधरी और विक्रम महलदार के 14 वर्षीय पुत्र ओम महलदार अपने दो दोस्तों के साथ साइकिल से बांसकोला घाट पहुंचे थे। कुछ लोगों के अनुसार, चारों लड़के छठ पर्व की तैयारी के लिए घाट गए थे, जबकि कुछ ने बताया कि वे गंगा जल लेने आए थे। इस दौरान नहाने उतरे किशोरों में संजय और ओम गहरे पानी में डूबे और लापता हो गए। परिजन और स्थानीय लोग लगातार उनकी तलाश में लगे रहे।
पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद परिजनों ने बांसकोला घाट पर दोनों किशोरों को स्थानीय रीति-रिवाज के अनुसार दफना दिया।
ये भी पढ़ें: Dumka: काठीकुंड प्रखंड में महिलाओं की आजीविका गतिविधियों का निरीक्षण, आत्मनिर्भर बनने पर जोर









