Sahibganj: भीषण गर्मी और तपती धूप के बीच इंसानियत की एक सकारात्मक तस्वीर साहिबगंज जिले में देखने को मिली है। झारखंड के मुख्यमंत्री Hemant Soren के आह्वान के कुछ ही घंटे बाद साहिबगंज पुलिस प्रशासन ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में राहगीरों और आम लोगों के लिए शुद्ध एवं शीतल पेयजल की व्यवस्था कर मानवता का परिचय दिया है। जिलेभर में इस पहल की जमकर सराहना हो रही है।
एसपी अमित कुमार सिंह के निर्देश पर बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल के नेतृत्व में बरहरवा, कोटालपोखर, रांगा और बरहेट सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्याऊ केंद्र लगाए गए। इंस्पेक्टर संतोष कुमार राणा, थाना प्रभारी सुमित कुमार सिंह, पवन कुमार, अखिलेश कुमार यादव और चंदन कुमार भैया ने अपने-अपने क्षेत्रों का निरीक्षण कर सार्वजनिक स्थलों पर मटकों में शुद्ध और ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया। लोगों के लिए ग्लास की व्यवस्था भी की गई है ताकि तेज गर्मी में राहगीरों को राहत मिल सके।
बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल ने बताया कि भीषण गर्मी को देखते हुए विभिन्न स्थानों पर नियमित रूप से पानी भरने और मटकों की साफ-सफाई के निर्देश विभागीय कर्मियों को दिए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों से शहर आने वाले लोगों, मजदूरों, यात्रियों और बाजार आने-जाने वाले नागरिकों को इससे काफी राहत मिलेगी।
माननीय मुख्यमंत्री झारखंड सरकार के आदेशानुसार पुलिस अधीक्षक साहिबगंज के निर्देश पर सभी थाना अंतर्गत आम जनता एवं राहगीरों के लिए पैदल प्याऊ की व्यवस्था की गई है।
यह जनहितकारी पहल भीषण गर्मी में लोगों को राहत प्रदान करने हेतु की गई है। pic.twitter.com/lYXeTqci91— Sahibganj Police (@sahibganjpolic2) May 23, 2026
साहिबगंज पुलिस की यह पहल इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि आज के दौर में जहां अधिकांश लोग केवल सोशल मीडिया पर संवेदनाएं व्यक्त करते नजर आते हैं, वहीं पुलिस प्रशासन ने जमीन पर उतरकर लोगों की मूल जरूरत को समझा और तत्काल व्यवस्था कर दी। लोगों का कहना है कि इस तरह की छोटी लेकिन मानवीय पहल ही प्रशासन और जनता के बीच भरोसा मजबूत करती है।
हालांकि, यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या ऐसी जिम्मेदारी केवल सरकार या पुलिस प्रशासन की ही है? जिले में सक्रिय सामाजिक संगठन, व्यापारिक संस्थाएं, धार्मिक समितियां और राजनीतिक दल भी समाज सेवा का दावा करते हैं, लेकिन भीषण गर्मी में सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल व्यवस्था कराने में उनकी भागीदारी बेहद सीमित नजर आ रही है।
विशेष रूप से विपक्षी दलों के नेताओं पर भी सवाल उठ रहे हैं, जो अक्सर राज्य, जिला और समाजहित के मुद्दों पर सरकार को घेरते दिखाई देते हैं, लेकिन आम जनता को राहत पहुंचाने वाले ऐसे बुनियादी कार्यों में उनकी सक्रियता दिखाई नहीं देती। यदि राजनीतिक दल और सामाजिक संगठन चाहें तो हर चौक-चौराहे, बाजार और बस स्टैंड पर प्याऊ केंद्र शुरू कर हजारों लोगों को राहत पहुंचा सकते हैं।
साहिबगंज पुलिस ने एक सकारात्मक शुरुआत की है। अब जरूरत इस बात की है कि समाज के अन्य सक्षम वर्ग और संगठन भी आगे आएं, ताकि इस भीषण गर्मी में प्यास से परेशान लोगों को राहत मिल सके और सेवा की संस्कृति मजबूत हो।
ये भी पढ़ें: Sahibganj में प्रशासनिक फेरबदल, DTO मिथिलेश चौधरी और अपर समाहर्ता गौतम भगत का तबादला








